पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा के दो पोतों ने संपत्ति पर मांगा आधा हक

     पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. शंकर दयाल शर्मा के दो पोतों ने मंगलवार को उनकी संपत्ति और किताब से आने वाली रॉयल्टी में आधा हक देने की मांग की है। उनकी वर्तमान परिस्थितियों का जिम्मेदार उन्होंने अपने चाचा आशुतोषष दयाल शर्मा को ठहराया है।


(File Photo - पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. शंकर दयाल शर्मा)



     पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा की प्रथम पत्नी स्वर्गीय सावित्री देवी के पुत्र स्वर्गीय सतीश दयाल के दो पुत्रों सर्वेश व सौरभ दयाल शर्मा ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि उनके दादा की सारी चल अचल संपत्ति में उनकी हिस्सेदारी है लेकिन उनके चाचा आशुतोषष दयाल शर्मा ने संपत्ति से उन्हें वंचित कर रखा है।चाचा ने स्वयं को उनके दादा का इकलौता वारिस बताया है, जो कि सच नहीं है। हक मांगने के बाद वे काफी डरे हुए हैं क्योंकि उन्हें धमकाया जा सकता है।


सरकार दिलाए हक - सर्वेश दयाल शर्मा एवं सौरभ दयाल शर्मा ने बताया कि उनके दादा की सभी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा सरकार निकाले, चाहे वह बिक चुकी हों। सारी जानकारी एकत्रित कर संपत्ति का आधा हिस्सा और उनकी लिखी हुई किताब से आने वाली आधी रॉयल्टी भी हमें दिलाए।


 

   उन्होंने बताया कि उनके दादा की दूसरी पत्नी विमला शर्मा के बेटे आशुतोषष दयाल शर्मा पूर्व राष्ट्रपति की सभी चल अचल संपत्ति का हिसाब रखते हैं और देखरेख करते हैं, उन्होंने चेतावनी भी दी है कि प्रेम भाव और सहमति से उन्हें हिस्सा नहीं मिलता है तो वे अदालती कार्रवाई भी करेंगे।