पुणे : लिव-इन पार्टनर का सोते में गला रेता, सूइसाइड की कोशिश से पहले पुलिस के सामने कबूला जुर्म

     पुणे में एक हैरान कर देने वाले केस में एक लड़की ने अपने बचपन के दोस्त की हत्या कर दी और फिर पुलिस के सामने जुर्म कबूल कर लिया। लड़की ने अपनी जान देने का प्लान भी बनाया लेकिन गर्भवती होने के कारण पीछे हट गई।



  • पुणे में लड़की ने लिव-इन-पार्टनर का गला रेता

  • मर्डर के बाद पुलिस स्टेशन जाकर कबूला जुर्म

  • गर्भवती थी, अपनी जान देने से पहले बदला इरादा

  • पहले रेप का केस दर्ज करा चुकी है आरोपी

  • (Photo - सांकेतिक)



     पुणे के सिंहगड रोड पुलिस स्टेशन में मंगलवार रात पुलिसकर्मियों के होश उस वक्त उड़ गए जब एक लड़की वहीं पहुंची और बताया कि उसने अपने बचपन के दोस्त की हत्या कर दी है। दोनों दोस्त लिव-इन-रिलेशनशिप में रहते थे और दोनों के बीच टेंशन चल रही थी जिससे आजिज आकर लड़की ने दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने लड़की को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के केस दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि लड़की पहले अपनी जान भी देने जा रही थी लेकिन गर्भवती होने के कारण पीछे हट गई।



सोते में काटा गला - पुलिस ने बताया कि लड़की ने उस वक्त लड़के का गला काट दिया जब वह सो रहा था। लड़की इस बात से नाराज थी कि लड़का पिछले साल अगस्त में की गई 'शादी' के बाद रिश्ता निभा नहीं रहा था। लड़की की निशानदेही पर पुलिस की टीम नर्हे स्थित फ्लैट पर पहुंची तो लड़के का शव जमीन पर पाया और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार वहीं पड़ा था। बताया गया है कि लड़के की हत्या मंगलवार तड़के की गई।


   सब-इंस्पेक्टर सुधीर गाडगे ने बताया, 'लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या के बाद अपनी जान लेने की कोशिश भी कि लेकिन बाद में उसने इरादा बदल दिया क्योंकि वह गर्भवती थी। घटनास्थल पर पंखे से लटकी चुन्नी भी मिली है जिससे लटककर लड़की जान देने जा रही थी।'

कोर्ट में सुनवाई से पहले मारा - पुलिस की जांच में पता चला है कि पिछले साल लड़की ने मृतक के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था और मंगलवार को कोर्ट में मामले की सुनवाई होनी थी। पिछले कई महीने से मृतक लड़की से केस वापस लेने के लिए कह रहा था और कई बार धमकी भी दी। वह सुनवाई से पहले लड़की से मिलने गया और दोनों में झगड़ा हो गया। लड़के के सोने के बाद लड़की ने सर्जिकल नाइफ से लड़के का गला काट दिया।

   पुलिस ने बताया कि पिछले साल मई लड़की को पता चला कि लड़के ने कहीं शादी कर ली है। इससे नाराज होकर लड़की ने रेप का केस दर्ज कराया लेकिन उसके गिरफ्तार होने के बाद जमानत देकर उसे छुड़ा भी लिया।