उद्धव ठाकरे को राहत - 21 मई को मुंबई में होंगे विधान परिषद के चुनाव, EC का ऐलान

     महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को शुक्रवार को चुनाव आयोग से बड़ी राहत मिली है। राज्य में विधान परिषद के चुनाव 21 मई को मुंबई में होंगे। चुनाव आयोग ने इसका ऐलान किया। इससे पहले आयोग ने विधान परिषद की रिक्त सीटों पर विशिष्ट दिशानिर्देशों के साथ चुनाव कराने को मंज़ूरी दे दी थी।



     आयोग ने शुक्रवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के अनुरोध पर आयोग ने कोरोना संकट के मद्देनज़र चुनाव कराने पर लगाई गई पाबंदी में विशेष परिस्थितियों का हवाला देते हुए ढील देने का फ़ैसला किया। 


   आयोग ने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र विधान परिषद की रिक्त सीटों पर कोरोना के मद्देनज़र विशिष्ट दिशानिर्देशों के तहत चुनाव कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ये सीटें 24 अप्रैल को रिक्त हुई हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के राज्य विधानमंडल का सदस्य बनने की संवैधानिक अनिवार्यता को देखते हुए आयोग ने यह फ़ैसला किया है।