Citizenship Act - भाजपा ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का वीडियो जारी कर कांग्रेस को घेरा

    नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा ने मनमोहन सिंह का एक पुराना वीडियो जारी कर कांग्रेस को घेरा हैं। नागरिकता कानून के खिलाफ सभी विपक्षी और मुस्लिम संगठन देश के अलग अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यूपी-बिहार से लेकर बंगलूरू में असर देखने को मिल रहा है।


(File Photo - नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा ने मनमोहन सिंह का एक वीडियो जारी कर कांग्रेस को घेरा)



     कांग्रेस धार्मिक आधार पर शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए केंद्र सरकार पर हमलावर है। अन्य विपक्षी दल भी नागरिकता कानून का विरोध कर रहे हैं। ऐसे वक्त में पूर्व पीएम का राज्यसभा में दिए बयान को भाजपा निकाल लाई है।  भाजपा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का 2003 में राज्यसभा में दिए गए बयान का वीडियो लेकर आई है। वीडियो में मनमोहन सिंह बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर हिंसा के शिकार हुए शरणार्थियों के लिए सरकार को सहानुभूतिपूर्ण बर्ताव रखने का सुझाव दे रहे हैं। अब मनमोहन सिंह के इस बयान पर राजनीतिक घमासान होना तय माना जा रहा है। भाजपा ने इस विडियो को अपने ट्विटर अकाउंट पर पिन भी किया है।


   2003 में केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार थी। उस दौरान राज्यसभा में मनमोहन सिंह सदन में नेता विपक्ष थे। सदन में मौजूद तत्कालीन उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को संबोधित करते हुए सिंह कहते हैं कि मैं शरणार्थियों के संकट को आपके सामने रखना चाहता हूं। बंटवारे के बाद हमारे पड़ोसी देश बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर नागरिकों का उत्पीड़न किया गया।