प्रियंका पर बीजेपी का पलटवार, डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा बोले- हिंदुत्‍व को बदनाम कर रही हैं प्रियंका

     उत्तर प्रदेश के डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश की शांति को भंग करने के लिए दुष्प्रचार की होड़ लगी हुई है।



  • यूपी सरकार की ओर से डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा ने प्रियंका गांधी पर किया पलटवार

  • दिनेश शर्मा ने कहा कि शांति भंग करने के लिए विपक्षियों में दुष्प्रचार की होड़ लगी हुई है

  • प्रियंका गांधी ने कहा था कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों को धमकाया जा रहा है

  • दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रियंका पत्थरबाजी करने और गोली चलाने वालों के साथ खड़ी दिखाई दे रही हैं


(Photo - दिनेश शर्मा ने प्रियंका गांधी पर किया पलटवार)



     नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और एनआरसी को लेकर जमकर राजनीति जारी है। पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और यूपी पुलिस पर जमकर हमला बोला। अब यूपी के डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा ने कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला है। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश की शांति को नष्ट करने के लिए ये लोग दुष्प्रचार करने की होड़ लगा रहे हैं। ये सब वोटबैंक तैयार करने का रिहर्सल कर रहे हैं। दिनेश शर्मा ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी हिंदुत्व को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।


   कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, 'एसपी और कांग्रेस के लोगों को लोकसभा चुनाव में हार के बाद अपना वोटबैंक खिसकता दिखाई दिया। ये लोग अल्पसंख्यक तुष्टीकरण के नाम पर यह भूल गए हैं कि वे दंगाइयों को समर्थन देने का काम कर रहे हैं। प्रियंका गांधी उन लोगों के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही हैं, जिन्होंने पत्थर चलाए, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और गोलियां चलाईं।'


'भगवा को कलंकित करने का प्रयास कर रहे विपक्षी' - विपक्षी पार्टियों का दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, 'एसपी और कांग्रेस वर्ग विशेष को भ्रम में डालकर उन्हें अपने पक्ष में खड़ा करने की कोशिश में लगे हुए हैं। एक नेता सीधे-सीधे भगवा को कलंकित करने का प्रयास कर रही हैं। इन्हें लगता है कि भगवाधारी सीएम दूसरों का नुकसान करने वाले हैं। प्रदेश की शांति को नष्ट करने के लिए ये लोग दुष्प्रचार करने की होड़ लगा रहे हैं। ये सब वोटबैंक तैयार करने का रिहर्सल कर रहे हैं।'