शरजील इमाम को गिरफ्तार करने के लिए UP पुलिस की दो टीमें दिल्ली रवाना

     नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन के दौरान विवादित बयान देने वाले जेएनयू के पूर्व छात्र शरजील इमाम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेस पुलिस की दो टीमें शरजील इमाम को गिरफ्तार करने के लिए भेजी गई है। अलीगढ़ एएसपी आकाश कुलहरी ने इस बात की जानकारी दी। न्यूज एजेंसी  से बात करते हुए एसएसपी कुलहरी ने कहा, 'शरजील इमाम को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें भेज दी गई हैं। हम दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।'


(Photo - शरजील इमाम)



     शाहीनबाग में आयोजित सभा में देश को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाला छात्र शरजील इमाम जेएनयू में इंडियन मार्डन लैंग्वेज का छात्र है। इसने अपने फेसबुक पोस्ट में भी कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट लिखे हैं। अपने एक पोस्ट में शरजील ने लिखा है कि, शाहीनबाग का मॉडल चक्का जाम का है, बाक़ी सब सेकेंडरी है। चक्का जाम और धरने में फ़र्क समझिए, हर शहर में धरने कीजिए, उसमें लोगों को चक्का जाम के बारे में बताइए और फिर तैयारी करके हाईवेज़ पर बैठ जाइए। एक अन्य फेसबुक यूजर ने शाहीन को टैग करके लिखा है कि शाहीनबाग सहित अन्य जगहों पर विरोध प्रदर्शन खड़ा करने में शरजील की भूमिका है।











   जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र शरजील इमाम के विवादित वीडियो वायरल होने के बाद हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता ने अमर कॉलोनी थाना पुलिस को शिकायत दी है। अपनी शिकायत में उन्होंने शरजील इमाम के खिलाफ देशद्रोह सहित कई धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है। इसके अलावा अधिवक्ता विवेक गर्ग ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय और अपराध शाखा को शरजील इमाम के खिलाफ शिकायत दी है। दोनों ही शिकायतों में शरजील इमाम की गिरफ्तारी की मांग की गई है। ज्ञात हो कि शरजील इमाम के वीडियो को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में एफआईआर दर्ज की गई है।