दिल्ली में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली को जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी आखिरी समय तक मुकाबले को रोमांचक बनाने में जुटी है। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में आज हर सीट पर करीब 1800 पार्टी कार्यकर्ताओं की तैनाती की है। शुक्रवार को जिस तरह से बीजेपी कार्यकर्ताओं का बिजी शेड्यूल था, आज भी कुछ ऐसा ही रहने वाला है।
भारतीय जनता पार्टी आज यानी मतदान के दिन हर पोलिंग बूथ पर लगभग 10-15 पार्टी कार्यकर्ताओं को तैनात किया है। दिल्ली भाजपा के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा, 'हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1,800 पार्टी कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पार्टी भारी अंतर से जीते। हमने वोटिंग के दिन अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं। इस बार हमने जमीनी स्तर पर अभियान चलाया है। गृह मंत्री अमित शाह सहित हमारे वरिष्ठ नेताओं ने बैठकें (नुक्कड़) की हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा था कि 70 सीटों वाले दिल्ली विधानसभा में बीजेपी करीब 45 सीटें जीतेगी। पार्टी के नेताओं को मानना है केंद्र सरकार के कुछ फैसले मसलन नागरिकता संशोधन कानून, आर्टिकल 370 को हटाना आदि चुनाव जीतने में मदद करेंगे। वहीं, समाचार एजेंसी आईएनएस के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की कोशिश है कि आठ फरवरी को सुबह 10 बजे तक पार्टी के सभी वोट पड़ जाएं। भाजपा ने कार्यकतार्ओं से कहा है कि वे मतदान बाद ही जलपान करें। खुद गृहमंत्री अमित शाह ने 13750 बूथ प्रभारियों को इसके लिए खास निदेर्श दिए हैं।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि अमित शाह ने बूथ प्रभारियों को जारी निदेर्श में कहा है कि अपना वोट डाल देने में ही बहादुरी नहीं है, बल्कि पास-पड़ोस और मित्र मंडली का वोट भाजपा को डलवाने में बहादुरी है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ता मतदान के दिन सुबह छह बजे ही उठ जाएं, और अपने टीम के लोगों के साथ घर-घर जाकर वोटर्स को बूथ तक ले जाने में जुट जाएं। कोशिश रहे कि सुबह 10 बजे तक भाजपा का हर वोटर कमल का बटन दबा दे।