ऋषि कपूर का निधन - बेटी रिद्धिमा को मुंबई जाने के लिए दिल्ली पुलिस ने जारी किया मूवमेंट पास

     बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली पुलिस ने आज उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर को मुंबई जाने का मूवमेंट पास जारी कर दिया है। ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर अपने परिवार के साथ साउथ-ईस्ट दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट में रहती हैं। लॉकडाउन के चलते रास्ते बंद होने के कारण रिद्धिमा ने सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।



     दक्षिण-पूर्व जिले के डीसीपी आर.पी. मीणा ने गुरुवार को यह जानकारी दी। डीसीपी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने रिद्धिमा कपूर सहित 5 लोगों को मुंबई जाने के लिए मूवमेंट पास दिया है। जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड के एवरग्रीन अभिनेता माने जाने वाले ऋषि कपूर का गुरुवार को मुम्बई के एच.एन. रिलायंस अस्पताल में निधन हो गया। 67 वर्षीय ऋषि कपूर 2018 से ब्लड कैंसर से पीड़ित थे। करीब तीन महीने पहले ऋषि की बहन रितु नंदा का भी कैंसर के कारण निधन हो गया था। ऋषि के परिवार में पत्नी नीतू कपूर, बेटा रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


दो साल तक लड़ी कैंसर से जंग - करीब एक साल तक अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद वह पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। फरवरी में भी तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहली बार दिल्ली में एक पारिवारिक समारोह में हिस्सा लेने गए ऋषि को संक्रमण के कारण वहां अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मुम्बई लौटने के बाद उन्हें बुखार होने के बाद अस्पताल मे भर्ती कराया गया।