दिल्ली में नाबालिगों के इंस्टाग्राम चैट ग्रुप में रेप और यौन हिंसा पर चर्चा; एक हिरासत में, सभी की पहचान

     दिल्ली में 21 नाबालिगों ने एक इंस्टाग्राम चैट ग्रुप बनाया। आरोप है कि इस पर गैंग रेप और यौन हिंसा समेत कई आपराधिक बातें हो रही थीं। रविवार को मामला सामने आया तो सायबर सेल एक्टिव हुआ। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ग्रुप में कुल 21 लड़के हैं। सभी की पहचान की जा चुकी है। 1 आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ग्रुप में करीब 100 मेंबर हैं। दिल्ली महिला आयोग ने मामले में स्वत: संज्ञान लिया। पुलिस से 8 मई तक जवाब तलब किया गया है।



रविवार को खुलासा हुआ था - रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को मामले का खुलासा हुआ। अब यह ग्रुप डी-एक्टीवेट हो चुका है। जिस लड़के को हिरासत में लिया गया है, उसका मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर आरोपी 11वीं और 12वीं के छत्र हैं। और ये दिल्ली के चार या पांच नामी स्कूलों के छात्र हैं। इस ग्रुप में रेप और यौन हिंसा पर बेहद आपत्तिजनक और आपराधिक बातें किए जाने का आरोप है।


फेसबुक से जानकारी मांगी - सायबल सेल ने फेसबुक को चिट्ठी लिखकर ग्रुप की तमाम जानकारी जल्द मुहैया कराने को कहा है। इंस्टाग्राम का मालिकाना हक फेसबुक के पास ही है। रविवार को सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इस ग्रुप में की जा रही बातों के स्क्रीनशॉट शेयर किए। दावा है कि ग्रुप में करीब 100 सदस्य हो सकते हैं। एक लड़की ने भी चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया था। आरोप है कि ग्रुप के किसी मेंबर ने उसे मैसेज भेजा था। चैट में कुछ बातें इतनी आपत्तिजनक हैं कि उनको लिखा भी नहीं जा सकता। साफ तौर पर रेप के लिए उकसाने वाली बातें की गई हैं।  


छात्रा ने की शिकायत - एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 19 साल की एक छात्रा ने इस ग्रुप में अपनी तस्वीर देखी। इसके बाद उसने स्कूल से इसकी शिकायत की। स्कूल ने इस छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की सायबर सेल एक्टिव हुई।