75 वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव के तहत् उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

उत्तर प्रदेश राज्य संवाददाता (राहुल वैश्य)

     75 वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव के तहत् देश के साथ प्रदेश में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और  महाविद्यालय इत्यादि की इमारतों पर प्रातः काल राष्ट्रीय ध्वज फ़हराया गया जिसके बाद राष्ट्रगान के उद्घोष के साथ भारतीय तिरंगे को सलामी दी गयी।

     'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम के तहत देश के साथ प्रदेशवासियों ने भी अपने घर पर भारतीय ध्वज को फहराया जिससे पूरे प्रदेश में माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। इसके साथ ही दोपहर के समय विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालय द्वारा नगर, तहसीलों और देहातों में पथ संचलन का आयोजन किया गया जिसमें स्वतंत्रता संग्राम से जुडी़ झांकियों को प्रदर्शित किया गया। पथ संचलन का स्वागत जगह - जगह नगर के निवासियों ने गुलाब की पंखुड़ियों को बरसा कर किया। 


(फोटो: उत्तर प्रदेश विधान भवन परिसर में ध्वजारोहण करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सोर्स : @upgovt)  ईधर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधान भवन परिसर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी इसके साथ ही भाषण में उन्होंने कहा कि कोरोना प्रबंधन पर उत्तर प्रदेश देश में एक उत्कृष्ट उदाहरण है। आज प्रदेश में सर्वाधिक टेस्ट, सर्वाधिक टीकाकरण और सर्वाधिक लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। 'इज ऑफ़ डूइंग बिजनेस' रैंकिंग में उत्तर प्रदेश आज दूसरे स्थान पर है।

     इसके साथ ही प्रदेश में नौजवानों को शोध से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम का आगाज किया गया है जिसमें शोधार्थी को 100 आकांक्षात्मक विकास खंडों में तैनात किया जाएगा। राजधानी लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।