भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रकटोत्सव पर शोभायात्रा का आयोजन

News from - Jitendra Naag & Praveen Saxena

भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रकटोत्सव पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया

     जयपुर। आज भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रकटोत्सव पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्री चित्रगुप्त शोभायात्रा के संयोजक राधा मोहन माथुर ने बताया कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रकटोत्सव पर शोभायात्रा का आयोजन बुधवार 26 अप्रैल 2023 को किया गया। 

     श्री चित्रगुप्त भगवान प्रकटोत्सव प्रत्येक वर्ष की वैशाख शुक्ल की सप्तमी (गंगा सप्तमी) को बड़ी धूम धाम से मनाई जाती है। शोभायात्रा मोती पार्क, बापूनगर से प्रारंभ होकर सावित्री पथ, राजेंद्र पथ, मंगल मार्ग से दत्त मोहल्ला होते हुए मंगल मार्ग स्थित श्री चित्रगुप्त मन्दिर में पहुंच कर यात्रा का समापन हुआ। 

     शोभायात्रा में भगवान् गणेश, दुर्गा माता, शिव परिवार व भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की झांकी बड़ी मनमोहक व आकर्षक तौर पर सजा कर निकाली गई। इस शोभायात्रा में लगभग 300 महिलाओं एवं 400 पुरुषों ने भाग लिया। यात्रा का रास्ते में कायस्थ समाज़ बंधुओं के साथ अन्य समाज़ के बंधुओं ने जगह जगह पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। 

     कई स्थानों पर समाज़ बंधुओं ने शीतल पेय, आइस क्रीम आदि से शोभा यात्रियों का सत्कार किया। इस यात्रा में मुख्य झांकी श्री चित्रगुप्त ज्ञान मन्दिर समिति द्वारा, शिव परिवार झांकी श्री चित्रगुप्त क्लब द्वारा, दुर्गा माता झांकी श्री चित्रगुप्त सामूहिक विवाह समिति एवं भगवान गणेश जी झांकी कायस्थ समाज़ सेवा संस्थान द्वारा लगाई गई। 

    भगवान श्री चित्रगुप्त जी, ब्रह्मा जी की संपूर्ण काया द्वारा चित्त एवं गुप्त रूप से उत्पन्न हुए। शल्यकी ( स्याही), लेखनी (कलम), पुस्तिका (पुस्तक)  और कृपाण (तलवार) के साथ सभी सांसारिक जीव जंतुओं के पाप- पुण्यों का लेखा जोखा रखने वाले हैं, जिससे आपको ब्रह्मांड का प्रथम न्यायाधीश भी कहा जाता है। 


 (चित्र गुप्त मंदिर पर समापन)