News from - Ratan kumar
राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ का प्रांतीय अधिवेशन शनिवार को श्री आनंद कृष्ण बिहारी जी मंदिर सिटी पैलेस जयपुर में संपन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेश से सैंकड़ो सहायक कर्मचारियो ने भाग लिया
जयपुर। इस अवसर पर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा के द्वारा राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित प्रदेश सभा अध्यक्ष गुलाब चंद मीणा, प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह शेखावत, प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा एवं जिला अध्यक्ष जयपुर मोहन मीणा एवं जिला मंत्री राजेंद्र कुमार शर्मा को पद एवं गोपनीयता कि शपथ ग्रहण करवाई गई।
सहायक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह एवं प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा ने बताया कि प्रांतीय अधिवेशन में सहायक कर्मचारियों के 53 हज़ार पदों पर प्रस्तावित नवीन भर्ती, पे लेवल अपग्रेड करने एवं पदोन्नति के पद सृजित करने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया,साथ ही सहायक कर्मचारी संघ के 17 सूत्री लंबित मांग पत्र की मांगों को पूर्ण करवाने के लिए संघर्ष करने की कार्य योजना तैयार की गई।
सहायक कर्मचारी महासंघ के घटक संवर्ग वार्ड बॉय आदि जिनका पे लेवल अपग्रेड नहीं हुआ है, उनके पे लेवल को भी अपग्रेड करने के लिए मजबूती से मांग रखी गई।
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री महावीर सियाग ने सहायक कर्मचारियों के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश से आये राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यनारायण गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री सीताराम सुलोनिया, महासंघ के पूर्व अध्यक्ष के के गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेज सिंह राठौड़, सहायक कर्मचारी संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवी सिंह, वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर गुर्जर, राम नारायण शर्मा एवं नवीन कुमार शुक्ला ने अधिवेशन में आये सैंकड़ो कर्मचारियों को सम्बोधित किया।
सहायक कर्मचारी संघ के अधिवेशन में प्रदेश के 33 जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री, उपशाखाओ के अध्यक्ष एवं मंत्री, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियो सहित सभी आये अतिथियों का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया गया।