बोकारो में सर्वाधिक, जगन्नाथपुर में सबसे कम मतदाता (Jharkhand Election 2019 )

विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल आबादी के 59.53 फीसद आबादी नेताओं का भविष्य तय करेगी। इस चुनाव में कुल 2,26,17,612 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर पिछले माह 12 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया है। इसी सूची के आधार पर विधानसभा चुनाव होगा। हालांकि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन की अंतिम तिथि तक इसमें नाम जोड़ा जाएगा ताकि कोई भी योग्य मतदाता मतदान से वंचित न रहे।



लोकसभा चुनाव के बाद सितंबर में हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण के बाद 86,864 पुरुष तथा 1,06,872 महिलाओं का नाम नए मतदाताओं की सूची में शामिल किया गया है। इस तरह, 1,93,736 मतदाताओं के नए नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए। इसमें लगभग 23 हजार नाम हटाए गए हैं। इनमें से कई नाम दो-दो जगहों पर मतदाता सूची में शामिल थे, तो कई मतदाताओं की मृत्यु हो गई थी।


कई विधानसभाओं में पुरुषों से अधिक महिला मतदाता - राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में से कई क्षेत्रों में पुरुष मतदाताओं से अधिक महिला मतदाता हैं। उदाहरण के रूप में लिट्टीपाड़ा विस क्षेत्र में 97,531 पुरुषों की तुलना में 1,00,215 महिला मतदाता हैं। इसी तरह महेशपुर में 1,06,490 की तुलना में 1,06,882, शिकारीपाड़ा में 1,01,473 की तुलना में 1,02,578, घाटशिला में 1,19,805 की तुलना में 1,19,873, खरसावां में 1,02,240 की तुलना में 1,02,601 महिलाएं हैं। चाईबासा में 1,01,610 की तुलना 1,04,168, मझगांव में 93,338 की तुलना में 97,512, मनोहरपुर में 98,228 की तुलना में 98,527, चक्रधरपुर में 89,882 की तुलना में 89,844, खूंटी में 1,02,993 की तुलना में 1,04,861, जबकि सिमडेगा में 1,10,617 पुरुषों की तुलना में 1,11,558 महिला मतदाता हैं।


बोकारो में सर्वाधिक, जगन्नाथपुर में सबसे कम मतदाता - राज्य की 81 विधानसभा सीटों में बोकारो में सर्वाधिक मतदाता हैं। यहां मतदाताओं की संख्या पांच लाख से अधिक कुल 5,14,405 मतदाता हैं। वहीं, जगन्नाथपुर सीट में सबसे कम मतदाता हैं। यहां दो लाख मतदाता भी नहीं हैं। यहां मतदाताओंं की संख्या 1,73,798 है।