पहली फिल्म में सेक्स वर्कर बन लूटी थी वाहवाही

उसी 'सेक्सी छवि' ने बर्बाद किया करियर - रेहाना सुल्तान


     साल 1970 में आई फिल्म 'चेतना' में कम उम्र की एक यौनकर्मी का किरदार निभा रेहाना सुल्तान रातोंरात सनसनी बन गईं। इसके निर्देशक बाबू राम इशारा थे जिनकी फिल्म ने भारत को झकझोर कर रख दिया था। आज उसी एक्ट्रेस का जन्मदिन है। रेहाना का जन्म 1950 में इलाहाबाद में हुआ। फिल्मों में कई बोल्ड सीन्स देकर फेमस हुईं रेहाना इन दिनों गुमनामी की जिदगी जी रही हैं। (रेहाना सुल्तान फिल्म के एक सीन में- फोटो : social media)



   रेहाना के पिता इलाहाबाद में इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का काम करते थे। 'चेतना' के बाद रेहाना 'दस्तक' में नजर आईं। इस फिल्म के पोस्टर में ही रेहाना बोल्ड नजर आई थीं। इसके बाद से ही रेहाना की छवि बोल्ड एक्ट्रेस की बन गई थी। उन्हें 'दस्तक' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनय का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था। रेहाना सुल्तान के पास इस तरह के बोल्ड दृश्य वाली भूमिकाओं की बाढ़ सी आ गई। फिल्मों में अपनी छवि को लेकर रेहाना ने बीबीसी से कहा था- 'उस वक्त मैं फिल्मों में महज एक टाइप्ड एक्ट्रेस बनकर रह गई थी। दर्शकों को लगता था कि मैं सेक्शुएलिटी का दूसरा नाम हूं। यहां तक कि डायरेक्टर मुझे सिर्फ बाथटब या बरसात में भीगने वाले रोल ही देते थे। मुझे इनसे चिढ़ होने लगी थी।'


   रेहाना सुल्तान अधिकतर स्क्रिप्ट अश्लील होने की वजह से इनकार कर देती थीं। रेहाना ने 1984 में निर्देशक इशारा से शादी कर ली। शादी के बाद वो धीरे धीरे गायब हो गईं। रेहाना के पति बीआर इशारा 2012 में इस दुनिया से चले गए थे। आखिरी दिनों में इशारा ने फिल्में बनाना भी छोड़ दिया था। रेहाना जैसी शख्सियत अब फिल्मी दुनिया से कोसो दूर हैं। बॉलीवुड में रेहाना सनसनी की तरह ही आई पर अपनी ही छवि में कैद होकर रह गईं। खबरें तो ये भी हैं कि रेहाना की आर्थिक स्थिति कुछ ठीक नहीं है। उनकी हालत इतनी खराब है कि सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन (CINTAA) हर महीने उन्हें पैसों की मदद कर रहा है।