दिल्ली में 48 घंटों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार

                                                               Weather Updates











     राजधानी दिल्ली में अगले 48 घंटों के बीच तेज हवाओं के साथ हल्की बरसात होने की संभावना है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार के दिन दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं। वहीं, बादलों के छाए रहने के चलते शुक्रवार की सुबह सीजन की सबसे गर्म सुबह रही। 



     दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिली। हालांकि, दिन निकलने के साथ ही धुंध साफ हो गई। दिन के समय भी हल्के बादलों की आवाजाही बनी रही। जबकि, बीच-बीच में धूप भी निकली। 


तापमान में इजाफा : मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। बादलों के छाए रहने के चलते शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में खासा इजाफा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। जबकि, दिन का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। 


पश्चिमी विक्षोभ का असर : मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 48 घंटों के बीच हल्की बरसात या फुहारें देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 25 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि के आसार भी जताए जा रहे हैं। हालांकि, इसके चलते तापमान में बहुत गिरावट होने की संभावना नहीं है।