Corona Virus
दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में जिस महिला की कोरोना वायरस से मौत हुई थी, उसका अंतिम संस्कार सुबह विवादों में फंस गया। हालांकि बाद में डॉक्टरों की मौजूदगी में उसका दाह संस्कार किया गया। दिल्ली के जनकपुरी निवासी 68 वर्षीय महिला में बीते गुरुवार को ही संक्रमण की पुष्टि हुई थी जिसके बाद उसे गंभीर हालत में आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों के अनुसार महिला को बीपी और हाइपरटेंशन की परेशानी थी। शुक्रवार रात 8 बजे महिला मरीज ने दम तोड़ दिया।
(Photo - कोरोना वायरस से मृत दिल्ली की महिला का निगमबोध घाट में किया अंतिम संस्कार )
परिजन चाहते थे कि महिला का अंतिम संस्कार किसी भी तरीके से कर दिया जाए, जिसमें सीएनजी शवदाह भी शामिल है। लेकिन घाट के कर्मचारियों ने कहा कि जब तक इस बाबत उन्हें पुख्ता या लिखित में नहीं बताया जाएगा, वह संस्कार कैसे होने दें।
तीन घंटे बाद मोर्चरी पहुंचा कोरोना मरीज का शव - इस विवाद के चलते सुबह महिला का अंतिम संस्कार रुक गया था और साथ में आए डॉक्टर अपने सीनियर से बात कर रहे थे तो घाट के कर्मचारी एमसीडी कमिश्नर को फोन लगा रहा थे। सूत्रों का कहना तो ये भी है कि घाट के वरिष्ठ पदाधिकारी स्वास्थ्य मंत्रालय से भी बात करने में लगे थे।
बाद में जब सभी असमंजस खत्म हो गए तो महिला का इलेक्ट्रिक दहन के माध्यम से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के वक्त परिजनों के साथ ही डॉक्टर भी मौजूद थे जिससे किसी प्रक्रिया में कोई बाधा न पहुंचे और कोई लापरवाही न बरती जाए।