कनिका कपूर के कोरोना की दहशत, वसुधंरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह के बाद अनुप्रिया पटेल तक पहुंची, खुद को किया आइसोलेट

     कनिका कपूर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के साथ ही देश के सियासी महकमें में हड़कंप मच गया है। लखनऊ में आयोजित उस पार्टी में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह भी शामिल हुए थे, जिसमें कनिका कपूर भी बतौर मेहमान मौजूद थीं। कनिका बीते 9 मार्च को लंदन से देश लौटी थी।



     इस पार्टी के बाद बीजेपी सांसद दुष्यंत सिंह सदन भी गए थे, जहां कई नेताओं से उनकी मुलाकात हुई। कनिका कपूर की पार्टी में दुष्यंत के शामिल होने की खबर सामने आते ही उनसे मिलने वाले नेताओं ने खुद को आइसोलेट करना शुरू कर दिया है। मिर्जापुर से सांद अनुप्रिया पटेल ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। अनुप्रिया ने कहा, 'कल एक कार्यक्रम में मैं मौजूद थी। उस कार्यक्रम में सहयोगी सांसद दुष्यंत सिंह भी मौजूद थे। सावधानी के तौर पर मैं सेल्फ़ आइसोलेसन में जा रही हूं। सरकार द्वारा आवश्यक दिशा निर्देशो का पालन करूंगी।'


वसुंधरा राजे और दुष्यंत ने भी खुद को किया आइसोलेट - राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे ने कहा है कि उन्होंने खुद को क्वांरटाइन कर लिया है और सभी जरूरी सावधानी बरत रही हैं। दरअसल, वसुंधरा राजे लखनऊ के उस पार्टी में शामिल हुईं थी, जिसमें कनिका कपूर भी मौजूद थीं। शुक्रवार को कनिका कपूर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल है। इस पार्टी में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भी शामिल हुए थे। कनिका में संक्रमण की खबर आते ही उन्होंने भी अपनी जांच कराई है।


   कनिका कपूर नौ मार्च को लंदन से लौटी थीं। इसके बाद 14 मार्च को लखनऊ में आयोजित एक पार्टी में वे शामिल हुईं। इस पार्टी में कई नामचीन हस्ती शामिल हुए थे, जिसमें उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके सांसद बेटे दुष्यंत का नाम भी शामिल है। कनिका का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया है।