'मैंने प्यार किया' के रिलीज के सालों बाद भाग्यश्री बोलीं- फिल्म के शूटिंग के वक्त सलमान खान करते थे फ्लर्ट

     भाग्यश्री ने फिल्म मैंने प्यार किया से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म में सलमान और भाग्यश्री ने पहली बार साथ काम किया था। इस फिल्म के दौरान ऐक्ट्रेस हिमालय दासानी के साथ रिलेशनशिप में थी। भाग्यश्री ने अब हाल ही में इस फिल्म और सलमान को लेकर कुछ दिलचस्प बातें बताई हैं।



     भाग्यश्री ने बताया कि सलमान खान को इस फिल्म के दौरान ही पता चला था कि वह और हिमालय रिलेशनशिप में हैं। वह मेरे पीछे आते थे और मेरे कान में गाना गाते थे। मैं उन्हें वॉर्निंग देती रहती थी कि लोग हम लोगों के बारे में बातें करना शुरू कर देंगे। तो उन्होंने मुझसे कहा कि वह हिमालय को जानते हैं। सलमान, हिमालस से एक ही बार मिले हैं। भाग्यश्री से पूछा गया कि अगर फिल्म का रीमेक बने तो वह अपना रोल करते हुए किसे देखना चाहेंगे तो उन्होंने आलिया भट्ट का नाम लिया। उन्होंने कहा, आलिया बहुत ही शानदार एक्ट्रेस हैं। वहीं सलमान के रोल के लिए उन्होंने रणवीर सिंह और रणबीर कपूर का नाम लिया।


पति से डेढ़ साल के लिए अलग हो गई थीं भाग्यश्री


   हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान भाग्यश्री ने कहा था, 'हिमालय जी मेरे पहले प्यार थे। मैंने उनसे शादी की, लेकिन एक ऐसा अरसा था जब बीच में हम जुदा हो गए थे। उस समय मुझे लगा कि क्या होगा अगर लाइफ में वे मुझे न मिलते और मैं किसी और से शादी कर लेती? यह वह समय था जब हम डेढ़ साल के लिए अलग हो गए थे। वो अहसास अभी भी याद आता है तो डर लगता है।' 


   भाग्यश्री और हिमालय दासानी की मुलाकात स्कूल में हुई थी। जब भाग्यश्री के परिवार को इस बारे में पता चला तो वे दोनों के रिश्ते के खिलाफ हो गए थे, लेकिन दोनों को एक-दूसरे से अलग होना मंजूर नहीं था। दोनों ने भागकर एक मंदिर में शादी कर ली। इस दौरान शादी में सलमान खान, सूरज बड़जात्या और अन्य करीबी दोस्त शामिल हुए थे।