टला नहीं MP का संकट? बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा बोले > 15-20 विधायक संपर्क में हैं

     बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा के एक दावे के बाद कमलनाथ सरकार पर फिर से बादल मंडराने लगे हैं। नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के 15-20 विधायक उनके संपर्क में हैं।



  • अभी खत्म नहीं हुआ मध्य प्रदेश का सियासी ड्रामा, अब बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा के दावे ने मचाई हलचल

  • नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के 15-20 विधायक उनके संपर्क में हैं

  • कांग्रेस ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

  • मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए इसी महीने होने है चुनाव, जोर लगा रही बीजेपी और कांग्रेस

  • (Photo - नरोत्तम मिश्रा के दावे से मध्य प्रदेश का राजनीति में मची खलबली)


                                                                                                                                                                               मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार  पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस कह रही है कि उसकी सरकार को कोई खतरा नहीं है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के नेता नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि कांग्रेस के 15-20 विधायक उनके संपर्क में हैं। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विधायक काम नहीं करवा पा रहे हैं, इसलिए उनमें असंतोष व्याप्त है।
इससे पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में मंगलवार देर रात उस वक्त हंगामा मच गया, जब 10 विधायकों के पाला बदलने की खबर आई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने कांग्रेस और कुछ निर्दलीय विधायकों को दिल्ली ले जाने के लिए विमान बुक कराए। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके छह विधायक लौट आए हैं और मध्य प्रदेश सरकार को कोई खतरा नहीं है।

विधायकों ने पाला बदला तो गिरेगी कमलनाथ सरकार - अब बीजेपी के नेता नरोत्तम मिश्रा के एक दावे ने फिर से खलबली मचा दी है। नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली में कहा, 'विधायक मेरे संपर्क में रहते हैं। कांग्रेस के विधायक अपने काम नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि वे जनता के प्रति जवाबदेह हैं इसलिए उनमें असंतोष बढ़ रहा है। 15-20 विधायक हमारे संपर्क में हैं।' जिन 10 विधायकों की चर्चा हो रही है, अगर वे पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो जाते हैं तो विधानसभा में बीजेपी का आंकड़ा 117 यानी बहुमत से एक सीट अधिक हो जाएगा। ऐसे में मध्य प्रदेश की मौजूदा सरकार गिर जाएगी।


राज्यसभा की सीट के लिए हो रही है मारामारी - कहा जा रहा है कि मध्य प्रदेश की राजनीति में मचा बवाल सरकार गिराने-बनाने की बजाय राज्यसभा की सीट के लिए भी हो सकता है। मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। वर्तमान में इन तीन सीटों से दिग्विजय सिंह (कांग्रेस), सत्यनारायण जटिया और प्रभात झा (दोनों बीजेपी) राज्यसभा सांसद है। दिग्विजय सिंह लोकसभा चुनाव हार गए थे, ऐसे में वह फिर से राज्यसभा जाना चाहते हैं। वहीं, गुना लोकसभा सीट से चुनाव हारने के बाद कांग्रेस पार्टी ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी राज्यसभा का उम्मीदवार बना सकती है।

   दूसरी तरफ बीजेपी भी अपने कब्जे की दो सीटों को हर हाल में अपने पास रखना चाहेगी क्योंकि राज्यसभा में उसे खुद को मजबूत करना है। पिछली बार की तुलना में बीजेपी के विधायकों की संख्या कम हुई है इसलिए बीजेपी क्रॉस वोटिंग के भरोसे है। कांग्रेस ने इसपर साफ किया है कि अगर किसी भी विधायक ने क्रॉस वोटिंग की तो उसे तुरंत पार्टी से निकाला जाएगा और उसकी विधानसभा सदस्यता भी समाप्त कर दी जाएगी।