विश्व किडनी दिवस : गलत एक्सरसाइज से हुई 24 साल के लड़के की किडनी फेल, व्यायाम करते समय रखें इन बातों का ध्यान

     अगर कम समय में जल्द बॉडी बनाने की चाह में अत्याधिक कसरत कर रहे हैं तो संभल जाएं। यह आपकी किडनी को फेल कर सकता है। कालकाजी में रहने वाले 24 वर्षीय शिवम को भी गलत तरीके से अत्याधिक व्यायाम करना फायदे से ज्यादा नुकसानदायक साबित हुआ।



     शिवम ने पिछले माह दो दिनों तक प्रतिदिन 200 दंड बैठक लगाए। इसके अलावा क्षमता से ज्यादा व्यायाम किया। तीसरे दिन उसके पैरों में सूजन आ गई। इसके बाद धीरे-धीरे उसका पेशाब आना बंद हो गया। उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। सफदरजंग अस्पताल में नेफ्रोलोजी विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर हिमांशु वर्मा ने बताया कि मरीज जब अस्पताल आया था तो वह हांफ रहा था। पैरों में दर्द के अलावा पूरे शरीर पर सूजन आ गई थी। उसे पेशाब भी नहीं आ रहा था। उसका किडनी फंक्शन टेस्ट किया तो पता चला किडनी ठीक से काम नहीं कर रही थी। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कर डायलिसिस किया गया।


मायोग्लोबिन प्रोटीन रक्त में पहुंचा- डॉक्टर हिमांशु वर्मा ने मरीज की मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर जांच के बाद इलाज शुरू किया। उन्होंने बताया कि गलत तरीके से अत्याधिक व्यायाम करने की वजह से शिवम एक्यूट किडनी फेल का शिकार हो गया था। उसकी मांसपेशियों से मायोग्लोबिन प्रोटीन रक्त में आकर फिर किडनी तक पहुंचकर उसे जाम कर रहा था। धीरे-धीरे किडनी ने काम करना कम कर दिया और पेशाब न आने की वजह से उसे सूजन भी आने लगी।


   शिवम का अस्पताल में उपचार किया गया। एक सप्ताह तक उपचार के बाद धीरे-धीरे पेशाब आना शुरू हुआ। दो महीने तक उसका रूटीन उपचार करने के बाद क्रिटिनाइन का स्तर सामान्य हुआ। डॉक्टर हिमांशु के मुताबिक युवाओं में गलत तरीके से जल्द बॉडी बनाने का चस्का उनकी किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। 


संभल कर-
- एम्स के नेफ्रोलोजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर संजय अग्रवाल के मुताबिक बिना किसी सलाह के प्रोटीन पाउडर और स्टेरॉइड लेना किडनी फेल की वजह बन सकता है।
- अत्याधिक कसरत भी किडनी को क्षति पहुंचा सकती है।
- डॉक्टर की सलाह के बिना पेन किलर लेना भी किडनी फेल होने की वजह बन सकता है।


चिंताजनक : हर साल एक लाख नए मरीज-
डॉक्टर हिमांशु वर्मा के मुताबिक देशभर में लगभग 10 फीसदी लोग किसी न किसी किडनी रोग से पीड़ित हैं। इनमें क्रोनिक किडनी की बीमारी के मरीजों की संख्या ज्यादा है। हर साल देश में एक लाख लोग ऐसे जुड़ जाते हैं जिन्हें डायलिसिस और किडनी प्रत्यारोपण की जरूरत होती है। इनमें से भी सिर्फ 10 फीसदी लोगों को ही सही उपचार मिल पाता है।
    
इन बातों का ख्याल रखें- धर्मशिला अस्पताल के किडनी ट्रांस्प्लांट सर्जन डॉक्टर विकास जैन के मुताबिक सही खानपान न होने की वजह से लोग मधुमेह और उच्च रक्तचाप का शिकार होते हैं।
- लंबे समय तक मधुमेह और उच्च रक्तचाप से क्रोनिक किडनी की बीमारी होती है।
- मोटापा की वजह से भी किडनी का रोग हो सकता है
- सप्ताह में कम से कम 80 मिनट तक व्यायाम जरूर करें
- आयुर्वेदिक दवाओं का अपना महत्व है लेकिन कुछ आयुर्वेदिक दवाएं किडनी को स्वस्थ करने की बजाय ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती हैं


कोट - गलत तरीके से अत्याधिक व्यायाम, बिना सलाह के प्रोटीन पाउडर, बॉडी बनाने वाले हार्मोन, स्टेरॉइड लेना या फिर पेन किलर दवाएं लेना स्वस्थ व्यक्ति की किडनी को फेल कर सकता है। अस्पताल में हर महीने कई ऐसे मरीज आ रहे हैं।
- डॉक्टर हिमांशु वर्मा, विभागाध्यक्ष, नेफ्रोलॉजी विभाग, सफदरजंग अस्पताल


नंबर गेम - दो दिनों तक 24 वर्षीय शिवम ने रोजाना 200 दंड बैठक लगाए ।