लॉकडाउन में मटरगश्ती करते लोगों को ठेठ अंदाज में नसीहत देते हैं ये दरोगा

     वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लगा है। इस दौरान लोगों के घर से निकलने और घूमने-फिरने पर रोक है। लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग (सामाजिक दूरी) का पालन करने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते और बेवजह सड़क पर निकल आते हैं। ऐसे ही लोगों को अपने तरीके से सबक सिखाते है दरोगा भागवत प्रसाद पांडे, जो कि मध्यप्रदेश के सीधी में ट्रैफिक इंस्पेक्टर हैं। उनका लोगों को समझाने का तरीका सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है।



      लॉकडाउन के दौरान दरोगा भागवत प्रसाद सीधी की खाली सड़कों पर पेट्रोलिंग के लिए निकलते हैं और इस दौरान जो भी लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए मिलता है, उसे लाठी-डंडे से पीटते नहीं बल्कि अपने तरीके से कानून का पाठ पढ़ाते हैं। पांडे जी का यही अंदाज उन्हें खास बनाता है। वो इस पूरी घटना का अपने फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण भी करते हैं।


   सड़कों पर गश्त के दौरान दारोगा भागवत जरूरतमंदों को कोरोनो वायरस से बचवा के लिए फेस मास्क देते हैं। इसके साथ ही रोज रात 8 बजे वे फेसबुक पर लाइव बातचीत करते हैं और इस दरम्यान लोगों की परेशानियों को सुनते हैं, उसका जवाब देते हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों को सलाह भी देते हैं।