लॉकडाउन में मॉर्निंग वॉक पर निकले थे लोग, पुलिस ने बीच सड़क पर ही कसरत-योगा करवा दिया

     देश में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 3 मई तक लॉकडाउन लागू है। इस बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले भी सामने आ रहे हैं। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को पुलिस अलग-अलग तरह से सजा दे रही है, कभी किसी को मुर्गा बनाया जाता है तो कभी किसी को उठक-बैठक कराया जाता है, मगर लोग हैं कि मानते ही नहीं। इस बीच महाराष्ट्र में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कुछ लोगों को अनोखी सजा दी है। 



     महाराष्ट्र के पुणे में बिबवेवाडी इलाके में बड़ी संख्या में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करते पाए गए। जिसके बाद पुलिसवालों ने सजा के तौर पर उनसे बीच सड़क पर ही योगा करवाया। इसका वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।


  वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस वाले लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों से सड़क पर ही कसरत और योगा करवाती नजर आ रही है। अच्छी बात ये भी है कि इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया है। पुलिस इन लोगों से सूर्य नमस्कार से लेकर जंपिंग तक करवाती है।


   महाराष्ट्र में सबसे अधिक कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र में कुल 3398 पॉजिटिव केस कोरोना वायरस के मिल चुके हैं। कोरोना के इन कुल केसों में से 2916 केस एक्टिव हैं और 295 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस राज्य में अब तक सबसे अधिक 187 लोगों की जान जा चुकी है।