20 दिन गायब रहने के बाद किम जोंग उन सीधे वहां गए - जहां बनेगा दुनिया की तबाही का सामान

     उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के स्वास्थ्य को लेकर तमाम अटकलों के बीच शनिवार को उनके स्वस्थ होने की जानकारी के साथ ही तस्वीर भी सामने आई है। किम जोंग उन शुक्रवार को एक फर्टिलाइजर प्लांट के उद्घाटन के मौके पर आयोजित समारोह में शामिल हुए। लेकिन अब जानकारी यह सामने आई है कि यह फर्टिलाइजर की फैक्ट्री जरूर है, लेकिन इसका मकसद किसानों के खिए खाद बनाना नहीं, बल्कि तबाही का सामान जुटाना है। इस फर्टिलाइजर फैक्ट्री का न्यूक्लियर कनेक्शन बताया जा रहा है। 



     कोरियाई सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने शनिवार को इस बात की सूचना देते हुए कहा कि किम ने यहां रिबन काटने की रस्म में भाग लिया। सेंचोन फॉस्फेटिक फर्टिलाइजर फैक्ट्री का यह समारोह वर्ल्ड लेबर डे, मई दिवस के मौके पर शानदार तरीके से आयोजित किया गया था। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने केसीएनए के हवाले से कहा, ''सुप्रीम लीडर किम उर्वरक उद्योग के विकास में लगे हुए हैं। उनके पब्लिक में सामने आने के बाद वहां मजूद लोग बेहद खुश नजर आए।'' इस मौके पर तानाशाह के साथ उसकी बहन किम यो जोंग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 


   दावा किया जा रहा है कि यह फर्टिलाइजर प्लांट देश के परमाणु महत्वाकांक्षा से जुड़ा हुआ हो सकता है। पूर्वी एशिया में परमाणु कार्यक्रमों की जानकारी रखने वाले रिसर्चर मार्गारेट क्रो के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर कोरिया का यह फर्टिलाइजर प्लांट किम जोंग उन को न्यूक्लियर प्रोग्राम में मदद कर सकता है। यह प्लांट फासफोरिक एसिड से यूरेनियम निकाल सकता है।