जेकेके में ऑनलाइन लर्निंग - चिल्ड्रन्स समर फेस्टिवल 

     'ऑनलाइन लर्निंग - चिल्ड्रन्स समर फेस्टिवल' के पांचवें दिन, मंगलवार को प्रतिभागियों ने राजस्थान की धार्मिक लोक कला 'फड़ पेंटिंग' बनाने के गुर सीखे। इस सेशन का संचालन चित्तौड़गढ़ के विजुअल आर्टिस्ट मनोज जोशी ने किया। ऑनलाइन लर्निंग सेशन के दौरान, प्रतिभागियों ने फड़ पेंटिंग के इतिहास के बारे में जाना, इसकी मौखिक परंपराओं, कैनवास को तैयार करने के गुर, फड़ पेंटिंग के तत्वों के साथ ही पेंटिंग में उपयोग में आने वाले रंगों के बारे में जानकारी हासिल की। सेशन में करीब 280 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।  



     सेशन की शुरूआत में आर्टिस्ट ने फड़ पेंटिंग से जुड़े लगभग 700 साल पुराने इतिहास के बारे में चर्चा की। ये पेंटिंग्स पौराणिक लोक देवता पाबूजी और देवनारायण के गीतों पर आधारित हैं, जिन्हें भोपा गायक गाते हैं। यह कला न केवल अपने जीवंत रंगों के लिए जानी जाती है, बल्कि इसकी गाथा (लोकगीत) को प्रस्तुत करने की मौखिक परंपरा भी मशहूर है। 


     आर्टिस्ट ने बताया कि पहले जानवरों के बालों से बने नेचरल ब्रश का उपयोग किया जाता था, लेकिन अब पर्यावरण जागरूकता के कारण आर्टिस्ट प्लास्टिक ब्रश का उपयोग करने लगे हैं। पेंटिंग के दौरान पारंपरिक फड़ कैनवास पर मोटे और पतले ब्रश का उपयोग किया जाता है। सेशन में बताया गया कि पेंटिंग में कैसे आकृति, हाथ, गहने और परिधान तैयार किए जाते हैं। सेशन में आगे आर्टिस्ट ने पेंसिल से स्कैच कर आकृति तैयार की, फिर परिधान, गहने, रूपरेखा तैयार की और अंत में आकृति में रंग भरकर पेंटिंग को पूरा किया। 


     इससे पहले आर्टिस्ट ने फड़ पेंटिंग में उपयोग में किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के रंगों को समझाया कि कैसे रंग तैयार किए जाते हैं और कैसे कैनवास बनाया जाता है। इस कला में 6 रंगों का उपयोग किया जाता है। हल्के पीले रंग का उपयोग स्कैचिंग के लिए, स्किन के लिए नारंगी, आभूषणों के लिए पीला और परिधानों और पेड़ों के लिए हरे रंग का उपयोग किया जाता है। इसी प्रकार, भूरे रंग का उपयोग वास्तु (पृथ्वी) के लिए किया जाता है, जीवंतता लाने के लिए लाल और रूपरेखा के लिए काले रंग का उपयोग होता है। किसी भी रंग को हल्का करने के लिए सफेद रंग मिलाया जा सकता है। इसमें परंपरागत रूप से पत्थर के रंगों का उपयोग किया जाता था, लेकिन इन पेंटिंग्स को बनाने के लिए फेब्रिक पेंट या वॉटरकलर्स का उपयोग किया जा सकता है।