ऋतिक रोशन ने मुंबई पुलिस को उपलब्ध कराया हैंड सैनिटाइजर

     पूरे देश में कोरोना वायरस कहर बरपा रहा है। इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हजारों लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इस घातक महामारी के खिलाफ जारी जंग में बॉलीवुड हस्तियां भी बढ़-चढ़कर मदद कर रही हैं। एक्टर ऋतिक रोशन ने मुंबई पुलिस के फ्रंटलाइन वॉरियर्स के लिए सैनिटाइजर उपलब्ध कराया है। मुंबई पुलिस ने एक्टर का आभार व्यक्त किया है।



     मुंबई पुलिस ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'मुंबई पुलिस के ऑन ड्यूटी अधिकारियों के लिए हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराने के लिए आपका धन्यवाद ऋतिक.. हमारे फ्रंटलाइन वॉरियर्स की सुरक्षा के लिए आपके द्वारा दिए गए योगदान के आभारी हैं।'


     इसके बाद ऋतिक रोशन ने मुंबई पुलिस के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, 'हमारे पुलिस बलों का आभार, जिन्होंने हमारी सुरक्षा को अपने हाथों में ले लिया है। सुरक्षित रहें। ड्यूटी पर मौजूद सभी के लिए मेरा प्यार और सम्मान'.