अनामिका शुक्ला केस : गिरफ्तार मास्टरमाइंड के भाई ने किए कई खुलासे

                                               18 लड़कियों की लगवाई टीचर की नौकरी


     यूपी के चर्चित फर्जी शिक्षक अनामिका शुक्ला केस मामले में गुरुवार को पुलिस ने कासगंज में फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी दिलवाने वाले गैंग के मास्टरमाइंड राज के भाई जसवंत सिंह को मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया है। जसवंत सिंह ने पूछताछ में कई चौकाने वाले खुलासे किए है। जसवंत खुद भी फर्जी तरीके से नौकरी कर रहा था। जसवंत ने कबूला है कि उसने 17 से 18 लड़कियों को अलग अलग स्कूलों में फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी दिलवाई थी। अब पुलिस इन स्कूलों में जांच-पड़ताल के लिए जा रही है। 



     एसपी कासगंज सुशील घुले ने बताया कि, गिरफ्तार हुआ जसवंत सिंह भी कन्नौज में विभव कुमार के नाम से प्राइमरी स्कूल में हेडमास्टर पद पर नौकरी करता पकड़ा गया है। उसकी भी फर्जी नाम से विभाग में नियुक्ति चल रही है। दोनों भाईयों ने फर्जी दीप्ति सिंह को भी सात साल पहले नौकरी पर लगवाया था। अभी तक यह लोग 18 से 20 महिलाओं को फर्जी नामों से बेसिक शिक्षा विभाग में संविदा पर नौकरी लगवा चुके हैं। पूछताछ में जसवंत सिंह ने बताया कि, विभव कुमार के नाम से उसने एक बैंक से कार लोन भी ले रखा है। एसपी के मुताबिक मास्टमाइंड पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ राज की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, उसके पकड़े जाने पर और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। एसपी कासगंज ने बताया कि राज की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया जा रहा है।