मुख्यमंत्री के प्रवासी श्रमिकों के संकट से निपटने के तरीके से नाखुश होने के बावजूद लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा चाहे नीतीश कुमार को राजग का चेहरा बनाए या किसी और राह पर चले, वह भगवा दल के साथ ही रहेंगे।
भाजपा ने बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार करीब एक साल पहले ही घोषित किया था, लेकिन गठबंधन के कुछ नेताओं ने उनके नेतृत्व को लेकर आपत्ति दर्ज करायी है। पासवान ने नेतृत्व में बदलाव के लिए सीधे-सीधे कुछ नहीं कहा लेकिन यह जरुर कहा कि भाजपा चाहे जिस ओर जाए, लोजपा उसके साथ रहेगी।
चिराग पासवान ने कहा, ‘‘चेहरा कौन होगा, गठबंधन का नेता कौन होगा, यह सब गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा तय करेगी। भाजपा चाहे जो निर्णय ले, लोजपा हमेशा उसके साथ है। यदि वह नीतीश कुमार जी के साथ चलना चाहते हैं, हम उनके साथ हैं, अगर उनका मन बदल जाता है, चाहे जो भी फैसला भाजपा ले, हम भगवा दल का साथ देंगे।’’
लोजपा प्रमुख की टिप्पणी इस वक्त इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ऐसा माना जा रहा था कि तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा 2019 मे नीतीश को राजग का चेहरा बनाने की घोषणा किए जाने के साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव में राजग के नेतृत्व का मुद्दा हल हो गया था। राज्य में चुनाव अक्टूबर-नवंबर में होने वाले हैं।