कानपुर कांड: आरोपी विकास दुबे की मां बोलीं- पुलिस पकड़कर कर दे एनकाउंटर, उसने बहुत बुरा किया है

     उत्तर प्रदेश के कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे की मां ने कहा है कि मेरे बेटे ने बहुत बुरा किया है। पुलिस उसे पकड़कर एनकाउंटर कर दे। न्यूज एजेंसी से बातचीत में विकास दुबे की मां सरला देवी ने कहा, 'अच्छा होगा कि अगर वह खुद सरेंडर कर दे। धोखे से भागता रहा तो पुलिस उसे एनकाउंटर में मार देगी। मैं तो कहती हूं कि पुलिस पहले पकड़ लो और फिर एनकाउंटर कर दे। उसने बहुत बुरा किया है।'



     इससे पहले विकास दुबे के भाई दीपू के लखनऊ स्थित आवास पर जब पुलिस ने दबिश दी तो वहां उसकी मां सरला देवी ने दो टूक कहा कि उनका बेटा अपराधी है। उसे बहुत समझाया कि यह रास्ता छोड़ दो, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। सरला देवी ने बताया कि लॉकडाउन के पहले उससे मुलाकात हुई थी। वह अपने पत्नी व बच्चों के साथ दूसरे घर में रहता है।              


      हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की मां अक्सर बीमार रहती हैं। उन्हें इस बात का दुख है कि बेटे की वजह से उनके पूरे परिवार की बदनामी होती है। मां सरला ने कहा कि घर का एक लड़का भी खराब निकल जाए तो पूरे परिवार का सत्यानाश हो जाता है। उनके परिवार के साथ भी ऐसा ही हो रहा है।


प्रधान बहू की तारीफ की - सरला ने बताया कि उनके एक बेटे की मौत हो चुकी है। छोटे बेटे दीपू की पत्नी अंजली बकेरू गांव में 10 साल से प्रधान है। उसके काम से खुश होकर राष्ट्रपति अब्दुल कलाम भी दिल्ली में अंजली को पुरस्कृत कर चुके हैं। अंजली की उन्होंने खूब तारीफ की। मां सरला ने इस बात से इनकार किया कि उन्हें कानपुर की घटना के बारे में कुछ मालूम है। उन्होंने कहा कि टीवी देखकर सुबह बहू ने इस बारे में बताया। अंजली के पति दीपू किसान है।