कोविड अस्पताल से आने वाली थी मां तो घर में ताला लगाकर भागे बेटा-बहू

     तेलंगाना के निजामाबाद में कोविड-19 संक्रमण से ठीक होने के बाद 65 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर उसके बेटे ने साथ रखने ने इनकार कर दिया। मां के अस्पताल से आने से पहले बेटा और बहू घर में ताला लगाकर कहीं चले गए। महिला तीन दिन तक घर के बाहर बैठी रही और सोमवार को पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उसे बेटे ने घर में घुसने दिया। 



     पुलिस ने बताया कि महिला के पति ने दूसरी महिला से शादी करने के बाद उसे छोड़ दिया था और वह बेटे के साथ रहती थी। हालांकि, महिला और उसकी बहू की आपस में नहीं बनती थी और लगभग एक साल पहले उसे वृद्धाश्रम में भर्ती कराया गया था।


     उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रही महिला और अन्य वरिष्ठ नागरिकों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई और इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। वृद्धाश्रम में महिला के अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था नहीं हो पाई और वह रहने के लिए अपने बेटे के घर आ गई।











     हालांकि, उनकी बहू को कथित तौर पर महिला के आने की जानकारी थी, लेकिन फिर भी दंपति घर बंद कर हैदराबाद के लिए रवाना हो गए। बिना किसी विकल्प के बुजुर्ग महिला पिछले तीन दिनों से घर के बाहर रही और कुछ लोगों के दिए भोजन से गुजारा किया। मामले के बारे में पता चलने के बाद, पुलिस और अन्य अधिकारियों ने सोमवार को उस व्यक्ति से बातचीत की जिसके बाद वह मां को साथ रखने को तैयार हुआ।