भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत - मोदी 'लहर सॉन्ग' और ई-कमल वेबसाइट लॉन्च 

द्वारा - रवि आनंद (वरिष्ठ पत्रकार) पटना 


राजद-कांग्रेस के सहारे बिहार में उग्र वामपंथ प्रवेश करेगा- भूपेंद्र यादव


राजद अपना पुराना इतिहास दोहराना चाहती है- डॉ. संजय जायसवाल


भाजपा जो कहती है वो करती है- मनोज तिवारी


     पटना- आगामी विधानसभा चुनाव में जन-जन तक अपनी बात पहुंचाने और प्रचार अभियान में तेजी लाने के लिए भाजपा ने मोदी लहर सॉन्ग (मोदी जी की लहर है) लॉन्च किया। जिसमें पिछले 15 वर्षों में बिहार में हुए विकास की तस्वीर दिखाई गई है। संगीत के अलावा ई-कमल वेबसाइट भी लॉन्च की गई। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल और वरिष्ठ नेता व सांसद मनोज तिवारी ने डिजिटल माध्यम से बेवसाइट और संगीत वीडियो लॉन्च करते हुए भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की।



     इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है और भाजपा है तो भरोसा है। उन्होंने कहा कि हमने लोगों को रोज़गार देने का काम किया। मोदी जी ने ग़रीबों की झोपड़ी में बिजली, गैस कनेक्शन और 8 महीने तक मुफ्त राशन देने का काम किया। महागठबंधन के घोषणापत्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके राज में चंपारण में पहले डकैतों को 250 से गैंग होते थे और ऐसा लगता है वे उसी इतिहास को दोहराना चाहते हैं. क्योंकि उन्होंने ऐसे ही लोगों को टिकट दिया है। उनकी तस्वीर में बिहार चारों तरफ से रक्तरंजित है।


     बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि एक तरफ जदयू-भाजपा का 15 साल से बिहार को आगे बढ़ाने वाला संकल्पित गठबंधन है, तो दूसरी तरफ तरफ राजद-कांग्रेस और मार्क्सवादी-लेनिनिस्ट पार्टी का अपवित्र गठबंधन है। भूपेंद्र यादव  ने राजद पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सभी साथियों को धोखा देने का काम किया है. पहले जीतन राम मांझी फिर उपेंद्र कुशवाहा और अब मुकेश सहनी को भी धोखा देने का काम किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी कहा कि राजद में राजनीतिक शिष्टाचार नहीं है। जो बिहार की राजनीति में चार दलों को एक साल में धोखा दे. ऐसा अपिवत्र गठबंधन क्या बिहार की जनता का विश्वास हासिल करेगा ?


     बिहार 15 सालों में जदयू-भाजपा गठबंधन के कारण शांति के रास्ते पर चल रहा है। पहले बिहार के चुनावों में सैंकड़ों लोगों की मौत होती थी पर अब शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव होते हैं। भूपेंद्र यादव ने सवाल पूछते हुए कहा कि कांग्रेस-राजद माले को साथ लेकर बिहार में कौन सा वर्ग-संघर्ष शुरु करना चाहते हैं ? कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा। भूपेंद्र यादव ने राजद को कमजोर नेतृत्व वाली पार्टी बताते हुए कहा कि अब तो साफ होने लगा है, आरजेडी पर उग्र वामपंथी दल 'माले' का कब्जा हो चुका है।


     उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मानती है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए जो योजनाएं बनाई हैं वो अच्छी हैं। जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में एनडीए तीन चौथाई बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।  भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि गीत में जो बातें कही गई है वो बिहार के जन-जन को पता है। बिहार के युवा, बहनें, किसान इस गीत को समझ सकते हैं और ये विश्वास भी कर सकते हैं कि बीजेपी जो कहती है वो करती है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी व प्रवक्ता संजय मयूख ने किया।