यहां अल-कायदा जैसे आतंकी संगठन सक्रिय फिर भी पुलिस को कोई खबर नहीं - राज्यपाल बंगाल

     पश्चिम बंगाल में मौजूदा कानून व्यवस्था को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने चिंता व्यक्त की है। राज्यपाल धनखड़ ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की हालत बहुत खतरनाक हो गई है। उन्होंने कहा है कि यहां अल-कायदा जैसे आतंकी संगठन सक्रिय हैं। यह देश की सुरक्षा के लिए चुनौती है। 6 लोगों को यहां से गिरफ्तार किया गया है और जो तीन अन्य गिरफ्तार हुए हैं वो भी यहीं से संबंधित हैं। पुलिस और एजेंसियों को कोई खबर ही नहीं थी।



     पिछले महीने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और केरल के एर्नाकुलम में अल-कायदा मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इसमें 6 लोगों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था जबकि तीन लोगों को केरल से गिरफ्तार किया गया था. प्रारंभिक जांच के अनुसार, इन व्यक्तियों को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान स्थित अल-कायदा आतंकवादियों द्वारा कट्टरपंथी बनाया गया था और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर हमले करने के लिए प्रेरित किया गया था।


     मॉड्यूल सक्रिय रूप से धन उगाहने में लगा था और गिरोह के कुछ सदस्य हथियारों और गोला-बारूद की खरीद के लिए नई दिल्ली की यात्रा करने की योजना बना रहे थे। संभव है कि इस गिरफ़्तारी से देश के विभिन्न हिस्सों में संभावित आतंकवादी हमले रोके जा सके हैं।