प्रधान पद की दावेदारी में दोनो दलों में कांटे की टक्कर, प्रचार प्रसार में झोकी पूरी ताकत

 News from -  श्याम मनोहर पाठक - पंचायत समिति किशनगढ़ (सिलोरा) 

 63 वर्ष में नौ प्रधान - छह बार कांग्रेस व दो बार बीजेपी व एक बार जनता दल का रहा प्रधान

      पंचायत समिति किशनगढ़ (सिलोरा) के 63 वर्ष के इतिहास में नौ प्रधान ने शासन किया है। इनमें सर्वाधिक छह बार कांग्रेस पार्टी के प्रधान ने गांव की सरकार चलाई, तो दो बार भारतीय जनता पार्टी व एक बार जनता दल पार्टी से प्रधान बनाए गए। पंचायत समिति किशनगढ़ के पहले प्रधान शांतिलाल गोधा बने। प्रधान पद सर्वाधिक लंबा कार्यकाल हरीशचंद शर्मा का रहा। इसके बाद प्रताप सिंह रलावता राजा साहिब का कार्यकाल रहा। वर्ष 2020 में प्रधान पद पर कांग्रेस कब्जा करेगी या बीजेपी इसका पता दस दिसबंर के बाद ही चल सकेगा। क्योंकि पांच दिसबंर को आखिरी चरण मतदान होगा। इनके मतों की गणना दस दिसबंर को होगी। इसके बाद प्रधान का गठन किया जाएगा।

 अब तक रहे प्रधान पर एक नजर - विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पंचायत समिति किशनगढ़ का गठन वर्ष 1957 में हुआ। प्रथम प्रधान के रुप में शांतिलाल गोधा ने शपथ ली। दूसरे प्रधान राजा साहिब प्रताप सिंह रलावता बनाए गए। रलावता के एमएलए बनने पर कार्यकारी प्रधान हरीशचन्द्र शर्मा बनाए। बाद में चुनाव होने पर कांग्रेस के हरीशचंद शर्मा ही प्रधान बने। इन्होंने लगातार उन्नीस वर्ष तक प्रधान पद को सुशोभित किया। वर्ष 1988 में जनता दल से नाथूराम सिनोदिया प्रधान बने जो वर्तमान में कांग्रेस की बागडोर संभाल रहें है। इसके बाद बीजेपी की कमलेश कंवर प्रधान बनी। इसके बाद लगातार कांग्रेस के कानाराम सिनोदिया, रामेश्वर खींची, नंदाराम थाकण प्रधान बने। वर्ष 2015 में भारतीय जनता पार्टी के हनुमान भादू प्रधान बने।

 भाजपा व कांग्रेस दोनो के लिए बना प्रतिष्ठा का प्रश्न - प्रधान पद इस बार कांग्रेस व भाजपा दोनो के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ है। प्रधान पद ही पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया का राजनीतिक भविष्य तय करेगा। दूसरी ओर वर्तमान में प्रधान पद पर भाजपा का कब्जा रहा। भाजपा लगातार काबिज होने के लिए पूरा जोर लगाएगी। पंचायत समिति किशनगढ़ के 19 वार्ड की सूची पर चयन किए गए कांग्रेस व भाजपा के उम्मीदवार पर नजर डाला जाए तो जहां कांग्रेस में प्रधान पद के लिए मात्र एक उम्मीदवार रवि सिनोदिया उभर कर सामने आएं है वहीं भारतीय जनता पार्टी में लंबी सूची है।

 सिनोदिया को नैण दे रहे कड़ी टक्कर - वार्ड एक करकेड़ी से कांग्रेस के रवि सिनोदिया का मुकाबला भाजपा के लिखमाराम नैण से है। पूर्व सरंपच नैण युवा व राजनीति क्षेत्र में पहला कदम बढ़ाने वाले पूर्व विधायक सिनोदिया के राजनीतिक वारिस को कड़ी टक्कर दे रहे है।

 भाजपा में प्रधान पद के कई दावेदार से बढ़ेगी दुविधा - भारतीय जनता पार्टी में प्रधान पद के कई दावेदार है। इनमें सामान्य वर्ग से मात्र एक दावेदार सुदर्शन इंदोरिया, इसके साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले रामचंद थाकण, सीमा अखावत, लाड कंवर मेहता, संजू देवी अच्छा दमखम रखती है। भाजपा में प्रधान पद के कई दावेदार होने से दुविधा बड़ेगी।