वैज्ञानिक डॉ विनोद कुमार खरे कोरोना काल के शिकार हो गये - अजीत सिन्हा

      जबलपुर (मध्यप्रदेश) : दिनांक 10 अप्रैल 2021 को भारत के एक महान विद्वान विभूति डॉ विनोद कुमार खरे का निधन तड़के सुबह कोरोना की महामारी की वज़ह से हो गया. जिसकी सूचना उनके पुत्र विवेक खरे के माध्यम से प्राप्त हुई।

     विगत एक सप्ताह पहले उन्होंने अपने को कोरोना से ग्रसित होने की सूचना अपने मित्रों व स्नेही जनों को वाट्स एप्प ग्रुप के माध्यम से दी थी और सभी से सावधानी बरतने को कहा था. ऐसा उन्हें आभास हो गया था कि वे नहीं बचेंगे लेकिन वे राष्ट्र सेवा हेतु समर्पित प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी को धरातल पर उतारकर जाना चाहते थे. क्योंकि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि राज धर्म के भागीदारी में वे पुर्णतः हिस्सा ले सकें और इस हेतु वे प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी के मार्गदर्शक मंडल के अध्यक्ष की हैसियत से काफी सक्रिय रहा करते थे क्योंकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस उनके हृदय में बसते थे. उनके अधूरे सपनों को पूरा करना चाहते थे. हालांकि कुदरत को कुछ और ही मंजूर था. अपने कार्य को पूर्ण करने से पहले ही दिवंगत हो गये लेकिन उनका सपना अधूरा नहीं रहेगा। क्योंकि उनके दिखाये रास्ते पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सेनानी हमेशा चलने को तैयार हैं. नेताजी के नाम पर अवश्य ही एक राजनैतिक पार्टी गठित होगी ऐसा कहना है प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अजीत सिन्हा का।

(late Dr. VINOD KUMAR KHARE)
      आप अपने पीछे एक भरापूरा परिवार छोडकर चले गये हैं. आपकी गिनती विद्वानों के वर्ग में होती है क्योंकि आप एक वैज्ञानिक के साथ - साथ कवि, लेखक और रचनाकार भी थे. आध्यात्मिक और धार्मिक जगत से आपका पुराना नाता था इसलिये आपने कई विषयों पर कई किताबें भी लिखीं।

     प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी आपके अचानक देवलोक गमन को अपनी अपूरणीय क्षति मानते हुए आपको भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती है. इस विषम अवसर पर प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी के उप संयोजक एवं कवि व लेखक डॉ शिव शरण अमल, वाराणसी निवासी सतीश श्रीवास्तव, रायपुर निवासी कमलेश सिन्हा, छत्तीसगढ़ निवासी अमर सिंह, सत्य सनातन रक्षा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद चित्रांश, राष्ट्रीय सनातन वाहिनी के कार्यकारी अध्यक्ष मेघराज कुमावत, भाजपा समर्थक मंच के बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार, राष्ट्रीय अमन महासंघ के कार्यवाह दिग्दर्शक डॉ विनोद कुमार जैन, मुंबई महानगर भाजपा के सचिव अशोक सिन्हा, निष्पक्ष मीडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश श्रीवास्तव सहित प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी से जुड़े सभी अधिकारियों - पदाधिकारियों व सदस्यों इत्यादि ने स्वर्गीय डॉ विनोद कुमार खरे के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

     प्रस्तावित नेताजी सुभाष पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अजीत सिन्हा ने अपनी निजी क्षति मानते हुये दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना की है कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और श्री चित्रगुप्त उन्हें सद्गति को प्रदान करें। ॐ शांति..