उत्तर भारत में बारिश से बढ़ी सर्दी लेकिन चुनावों के मद्देनजर बढ़ रही है सियासी गर्मी भी

 उत्तर प्रदेश राज्य संवाददाता (राहुल वैश्य)

      उत्तर भारत में इन दिनों में बेमौसम की बारिश हो रही है जिससे तापमान सर्द हो चला है और ठिठुरन बढ़ चुकी है। लोगों ने अपने घरों में हीटर से हाथ तापने शुरू कर दिये है और जिन लोगों पर हीटर का अभाव है वह अंगीठी के सामने अपने हाथ ताप रहे हैं लेकिन इस बढ़ती सर्दी के बीच उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनावों को देखते हुए सियासी गर्मी भी बढ़ चुकी है। तमाम पार्टी के नेता अपने क्षेत्रों में दौरे कर रहे हैं एक तरफ जहां कल मुरादाबाद में कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने एक विशाल रैली को संबोधित किया वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस समय बुंदेलखंड के दौरे पर हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल गृहमत्री अमित शाह के साथ एक सभा को सहारनपुर में संबोधित किया।

     सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों के समय अराजकता का तांडव इस कदर था कि उत्तर प्रदेश की छवि धूमिल हो चुकी थी, पिछली सरकारो के समय कभी सहारनपुर में दंगे होते थे तो कभी बिजनौर में। वर्तमान सरकार के शासनकाल के दौरान उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। पिछली सरकारों के दौरान एक ही परिवार के विकास को उत्तर प्रदेश का विकास मान लिया जाता था और मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपी को बेशर्मी के साथ मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित करके दंगाइयो के हौसले बढ़ाए जाते थे।

(फोटो: सहारनपुर में विश्वविद्यालय के शिलान्यास के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भारत के गृहमंत्री)
           गौरतलब है कि इसी सभा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी किया गया। सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज मां शाकुंभरी की पवित्र भूमि सहारनपुर में 'मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय' का शिलान्यास किया। यह मोदी जी व योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में चल रहे शिक्षा से समृद्ध यूपी के यज्ञ में एक और आहुति है। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा। पहले सहारनपुर से दिल्ली जाने में 8 घंटे लगते थे, अब मात्र 3 घंटे लगते हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद यूपी में एक भी चीनी मिल न बंद की गई है न ही बेची गई है। योगी सरकार ने 90% किसानों को गन्ने का ₹1.44 लाख करोड़ का भुगतान करने का काम किया है।