उत्तर प्रदेश में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा

 उत्तर प्रदेश राज्य संवाददाता (राहुल वैश्य)

     भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा एवं नवीन जिंदल की विवादित टिप्पणियों को लेकर उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़क उठी। प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद अटाला क्षेत्र में  हजारों की संख्या में भीड़ जमा हो गई और लगभग 2 घंटे तक उपद्रव किया। यहां तक कि उपद्रव करने वाले लोगों ने गाड़ियों में आग लगा दी और जहां-तहां तोड़फोड़ भी की। भीड़ और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए इस प्रकरण में कई पुलिसवाले भी जख्मी हो गए। वही मुरादाबाद, सहारनपुर और देवबंद में भी जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकालकर नारेबाजी की गई। 

(फोटो: प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों को खदेड़ती उत्तर प्रदेश पुलिस)
     समाचार लिखे जाने तक पूरे प्रदेश में अब तक तकरीबन 109 लोगों को हिरासत में लिया गया है गौरतलब है कि कानपुर में भी पिछले जुमे पर हुई हिंसा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे जिस कारण से प्रदेश में कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हो पाई। जुमे की नमाज के बाद मुरादाबाद में भी 7 प्रदर्शनकारियों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

     इधर जमानत पर रिहा होकर आए रामपुर जिले के कद्दावर नेता और अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आजम खान के खिलाफ ईडी ने नया केस दर्ज किया है। जल निगम भर्ती घोटाले में ईडी लखनऊ जोन ने एसआईटी चार्जशीट के आधार पर नया मुकदमा दर्ज किया है। गौरतलब है कि सपा शासन में आजम खान नगर विकास मंत्री होने के साथ-साथ जल निगम के अध्यक्ष भी थे इसीलिए उन्होंने अध्यक्ष होने के नाते जल निगम में भर्ती की मंजूरी दी थी और इस भर्ती में जांच के आधार पर गड़बड़ी पाई गई है।