महावीर नगर में वेदी पर विराजमान होंगे श्रीजी, मुनिराजों का हुआ मंगल प्रवेश

News from - अभिषेक जैन बिट्टू 

     जयपुर। आचार्य अभिनंदन सागर महाराज के शिष्य बालमुनि अनुकरण सागर महाराज और मुनि स्वयंभू सागर महाराज का शुक्रवार को महावीर नगर दिगम्बर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश सम्पन्न हुआ। इससे पूर्व मुनि संघ कीर्ति नगर दिगम्बर जैन मंदिर से सायं 5.30 बजे विहार किया। 

     अखिल भारतीय दिगम्बर जैन युवा एकता संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू ने जानकारी देते हुए बताया कि मुनि संघो का इस वर्ष चातुर्मास बरकत नगर स्थित णमोकार भवन में सम्पन्न होने जा रहा है। जिसको लेकर मुनि संघों का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश सोमवार 11 जुलाई को प्रातः 6.30 बजे से प्रारम्भ होगा। शुक्रवार को मुनि संघ का महावीर नगर स्थित महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में प्रवेश सम्पन्न हुआ। 

     जिसके पश्चात मुनि संघ सानिध्य में भक्ताम्बर स्त्रोत पाठ और मंगल आरती का आयोजन हुआ। शनिवार को प्रातः 7 बजे से कलशाभिषेक, शांतिधारा, 7.30 बजे गाजों-बाजों और संगीत के साथ शांतिनाथ विधान पूजन होगा। इस दौरान मुनि संघों के आशीर्वचन भी होंगे और अंत मे प्रातः 10.45 बजे जिनबिम्ब पुण्यार्जक परिवारों द्वारा जयकारों के साथ वेदी पर श्रीजी विराजमान होंगे। इस दौरान पूर्व आईपीएस अनिल जैन, दर्शन बाकलीवाल, चक्रेश जैन, हरीश धाडुका सहित मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी, महिला मंडल और युवा मंडल सहित सभी श्रद्धालुगण भाग लेंगे।

आचार्य नवीननंदी महाराज का चातुर्मास दहमीकलां में, चातुर्मास स्थापना 13 को 

     गणधराचार्य कुंथुसागर महाराज एवं आचार्य सिद्धांत सागर महाराज के शिष्य आचार्य नवीननंदी महाराज का वर्ष 2022 चातुर्मास अजमेर रोड़, बगरू के नजदीक स्थित अति प्राचीन भगवान ऋषभदेव दिगम्बर जैन मंदिर, दहमीकलां में होगा। जिनका चातुर्मास स्थापना कार्यक्रम बुधवार 13 जुलाई को होगा।

     मंदिर व्यवस्था समिति मंत्री प्रमोद बाकलीवाल ने बताया कि आचार्य श्री का लगभग 4 वर्षो पश्चात पुनः जयपुर की धरा पर मंगल प्रवेश 25 जून को सम्पन्न हुआ है। उन्होंने महाराष्ट्र से हजारों कि.मी की पदवंदना कर दहमीकलां में मंगल प्रवेश किया है।