उत्तर प्रदेश में 'हर घर तिरंगा अभियान', साढ़े 4 करोड़ तिरंगा घर घर पर फहराने का लक्ष्य

 उत्तर प्रदेश राज्य संवाददाता (राहुल वैश्य)

     उत्तर प्रदेश में 'हर घर तिरंगा अभियान' इस समय जोरों पर है। उत्तर प्रदेश में हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए लगभग साढ़े 4 करोड़ तिरंगा फ़हराने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय ध्वज की वितरण की सुविधा के लिए राज्य सरकार अपनी तरफ से पूरी तरह से प्रयास कर रही है। इसी क्रम में केंद्र सरकार के अंतर्गत कार्य करने वाले भारतीय डाकघर भी 15 अगस्त से पहले पड़ने वाली छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे। प्रदेश में 11 अगस्त से लेकर 17 अगस्त तक 'स्वतंत्रता सप्ताह' और 13 अगस्त से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। 

(फोटो : आगरा में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अंतर्गत 'हर घर तिरंगा' जागरूकता रैली का शुभारंभ करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री)
     आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित होने वाले सरकारी कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं सभी सरकारी, वाणिज्यिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा शैक्षणिक संस्थानों में खादी से निर्मित राष्ट्र ध्वज ही फहराये जाएंगे इसके साथ ही सरकार ने कई जगह पर पालिस्टर के झंडे लगाये जाने की अनुमति भी प्रदान की है। 

     सभी सरकारी संस्थानों पर ध्वजारोहण सुबह 8:00 बजे किया जाएगा जिसके बाद राष्ट्रगान का आयोजन होगा। दोपहर के बाद सार्वजनिक स्थलों पर जनसभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें देश के महान क्रांतिकारियों से जुड़ी जीवनी पर प्रकाश डाला जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से 2 दिन पहले 'अमृत मिनी मैराथन' का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कृषि विज्ञान केंद्रों पर कम से कम 75 किसानों को लाभदायक पौधा और तिरंगा भेंट किया जाएगा।

     उत्तर प्रदेश सरकार ने 'स्किल मैपिंग अभियान' की शुरुआत की है जिसके अंतर्गत प्रदेश में प्रत्येक परिवार से जुड़े एक सदस्य को नौकरी या रोजगार मुहैया कराया जाएगा। इस योजना के तहत रोजगार से वंचित युवाओं को आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण देकर उसे रोजगार या नौकरी के योग्य बनाया जाएगा।