सोमवार को संपन्न हुई उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में लिए गए अहम निर्णय

 उत्तर प्रदेश राज्य संवाददाता - राहुल वैश्य

     उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक सोमवार को संपन्न हुई जिसमें महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये। इन महत्वपूर्ण निर्णयों में शामिल रहे. जिसमें माध्यमिक विद्यालयों में योग्यता को बढ़ावा देने के लिए 'राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार' के चयन के संबंध में निर्धारित गाइडलाइन के संशोधन को मंजूरी प्रदान की गई है। संशोधित नीति में निर्धारित 18 पुरस्कारों में से 2-2 पुरस्कार प्रधानाचार्य एवं प्राध्यापक के लिए और बचे हुए 14 पुरस्कार शिक्षकों के लिए वर्गवार निर्धारित किए गए हैं।

(फोटो: कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते उत्तर प्रदेश प्रशासन के अधिकारीगण)

     प्रदेश के अंदर कमजोर मानसून होने की स्थिति में राज्य पोषित प्रमाणित बीजों पर अनुदान योजना के अंतर्गत तुरैया के निःशुल्क बीज मिनी किट की कार्ययोजना को लागू किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न 62 जिलों में 2,100 नवीन राजकीय नलकूप निर्माण परियोजना की खर्च वित्त समिति द्वारा अनुमोदित लागत ₹84,198.83 लाख रुपए को स्वीकृति प्रदान की गई है।

     एनसीआरबी द्वारा प्रकाशित 'क्राइम इन इंडिया 2021' की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश में घटित अपराधों के क्राइम रेट में कमी आई है। आईपीसी के कुल अपराध में क्राइम रेट के आधार पर उत्तर प्रदेश देश में 23 वें स्थान पर है।

     एनसीआरबी की रिपोर्ट 2021 में यह भी बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के अंदर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में कमी आई है यह कमी 6.2% दर्ज की गई है। अन्य राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति सुरक्षा जनक बताई गई है।