कश्मीर को 40 साल तक लूटने वाले अब जेल जाएंगे - नड्‌डा

नड्‌डा ने कहा- धारा 370 हटाए जाने से पहले जम्मू-कश्मीर में 106 भारतीय कानून लागू नहीं थे, केवल 3 परिवार राज्य को लूट रहे थे


अब जम्मू-कश्मीर बैंक की ऑडिट शुरू की गई है, जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा: नड्‌डा


(File Photo - जेपी नड्‌डा)



     भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने झारखंड में चुनाव प्रचार के दौरान शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले 40 सालों से जम्मू-कश्मीर को लूटने वाले नेताओं को अब जेल भेजा जाएगा। नड्‌डा ने कहा, ''106 भारतीय कानून जम्मू-कश्मीर लागू नहीं थे। ऐसे में केवल 3 परिवार कश्मीर को लूट रहे थे और अलगाववाद फैला रहे थे। उन्होंने कहा कि कश्मीर में भ्रष्टाचार रोधी कानून लागू नहीं था। वहां ऑडिटिंग प्रणाली भी नहीं थी। अब जम्मू-कश्मीर बैंक की ऑडिटिंग शुरू की गई है। जो भी जांच के बाद दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।''


झारखंड में 5 चरणों में विधानसभा चुनाव - झारखंड में 5 चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण में 30 नवंबर को, दूसरे चरण में 6 दिसंबर को और तीसरे चरण में 12 दिसंबर को चुनाव होगा। चौथे चरण का चुनाव 16 दिसंबर को और पांचवे चरण का चुनाव 20 दिसंबर का होगा। राज्य में फिलहाल भाजपा की सरकार है। कांग्रेस ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद के साथ गठबंधन किया है। 2014 में यहां भाजपा ने 43 सीटें जीती थी। भाजपा ने ऑल इंडिया झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।


5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया - केंद्र सरकार ने इस साल 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटा दिया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया था। अनुच्छेद 370 हटने के बाद वहां देश के सभी कानून लागू हो गए हैं, तो वहीं धारा 35ए हटाए जाने से देश के बाकी हिस्सों के नागरिकों के लिए जम्मू-कश्मीर में संपत्ति खरीदने की इजाजत मिल गई थी।