WAR Box Office Collection - क्या टूटेगा रिकॉर्ड ?

50 दिन पूरे कर चुकी वॉर का कुल कलेक्शन


     रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की वॉर ने सिनेमाघरों में 50 दिनों का सफ़र पूरा कर लिया है। वॉर 2019 की सबसे अधिक नेट कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन चुकी है। साल के ख़त्म होने में अब ज़्यादा वक़्त नहीं है, ऐसे में सवाल यह है कि क्या वॉर की कमाई का रिकॉर्ड आने वाले महीने में टूटेगा?



   वॉर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौक़े पर रिलीज़ हुई थी। 20 नवंबर को फ़िल्म ने 50 दिन का शानदार सफ़र पूरा कर लिया और ट्रेड जानकारों के मुताबिक़ फ़िल्म अभी भी 57 सिनेमाघरों में चल रही है। वॉर अब तक 318 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है, जबकि इस बीच हाउसफुल 4, मरजावां और बाला जैसी फ़िल्में रिलीज़ हुईं। इन फ़िल्मों ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया, मगर वॉर की तुलना में पीछे रहीं। वॉर के लिए दर्शकों का रुझान देखते हुए कुछ सिनेमाघर इसे अभी भी प्रदर्शित कर रहे हैं।


   सिद्धार्थ आनंद निर्देशित वॉर हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज़ की गयी थी और फ़िल्म ने 53.35 करोड़ धमाकेदार ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाया था। फ़िल्म ने 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में 166 करोड़ से अधिक कमाई की थी, जबकि 9 दिन लंबे ओपनिंग वीक में ही 238 करोड़ से अधिक जमा कर लिये थे। वॉर 2019 के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस की लिस्ट में पहले नंबर पर है और अब सवाल इस बात का है क्या आने वाले महीने यानि दिसम्बर में वॉर अपनी यह स्थिति बरकरार रख पाएगी। 


    दिसम्बर में सलमान ख़ान की दबंग 3 और अक्षय कुमार की गुड न्यूज़ रिलीज़ होंगी। दबंग 3 को इस सुपर हिट फ्रेंचाइजी की तीसरी फ़िल्म है, जिसे प्रभुदेवा डायरेक्ट कर रहे हैं। इस बार सलमान के साथ दो हीरोइनें रोमांस करेंगी। सोनाक्षी सिन्हा, जो दबंग और दबंग 2 में भी थीं। दूसरी सई मांजरेकर हैं, जो जाने-माने अभिनेता-निर्देशक महेश मांजरेकर की बेटी हैं और इस फ़िल्म से बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। दबंग 3 में सई, यंग चुलबुल पांडेय के साथ दिखेंगी। दबंग 3 में, सलमान के किरदार की बैक स्टोरी भी दिखाई जाएगी। फ़िल्म के इसी हिस्से में सई नज़र आएंगी। इस फ़िल्म से ट्रेड को काफ़ी उम्मीदें हैं। इसके कलेक्शंस पर सबकी नज़र रहेगी। 


   दूसरी फ़िल्म अक्षय कुमार गुड न्यूज़ को करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है और राज मेहता इसके डायरेक्टर हैं। सरोगेसी और स्पर्म एक्सचेंज की कहानी पर बनी इस सोशल ड्रामा के ट्रेलर को ज़बर्दस्त रिस्पांस मिला है। इस आधार पर माना जा रहा है कि फ़िल्म अच्छा कलेक्शन कर सकती है। मगर, वॉर से उसकी पॉजिशन छीन पाएगी या नहीं, इसका सभी को बेसब्री से इंतज़ार है।