भारत के बारे में क्या सोचती हैं ट्रंप की बेटी इवांका

     डॉनल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप के साथ उनकी बेटी इवांका और पत्नी मेलानिया भी आएंगी। इवांका का ये दूसरा भारत दौरा है, इससे पहले 2017 में भी वो भारत आई थीं। उस समय उन्होंने भारत को लेकर खुलकर अपनी बात रखी थी।



     अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप 24 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया और बेटी इवांका भी साथ होंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति का ये पहला भारत दौरा है जबकि उनकी बेटी इवांका पहले भी भारत के दौरे पर आ चुकी हैं। कई मौकों पर उन्होंने भारत की सराहना की है। भारत और अमेरिका के बीच गतिशील रिश्तों पर अपनी बात रखती रही हैं। इवांका का भारत को लेकर क्या नजरिया है?


   ट्रंप के भारत दौरे पर इवांका भी होंगी साथ - इवांका ट्रंप 2017 में ग्लोबल आंत्रप्रेन्योर समिट (जीईएस) में हिस्सा लेने के लिए हैदराबाद पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने हमारे सहयोगी 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' से बात करते हुए कहा था कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों की बात करें तो हम एक साथ मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं और हमें करना चाहिए। हमारी प्राथमिकताएं एक जैसी हैं, हम दोनों ही देश आर्थिक उन्नति और सुधार को बढ़ावा दे रहे हैं। आतंक के खिलाफ लड़ रहे हैं और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं।



   2017 में भी कर चुकी हैं भारत का दौरा - इवांका ट्रंप ने कहा था कि आज के समय वैश्विक रूप से बड़ी चुनौती है कि अमेरिका, भारत और पूरी दुनिया के नागरिकों के लिए आर्थिक प्रगति और संपन्नता के अवसर पैदा किए जाएं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लगातार अमेरिका के लोगों को लेकर मेहनत कर रहे हैं, इसी तरह से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की आवाम और खास तौर से यहां की महिलाओं के लिए आर्थिक अवसर को बढ़ाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।



   सुषमा स्वराज से मुलाकात के बाद कही थी बेहद खास बात - इवांका ट्रंप ने उस मौके पर पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया था। टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि सितंबर में मुझे सुषमा स्वराज (तत्कालीन विदेश मंत्री) से न्यूयॉर्क शहर में मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ था, उस समय वो संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए आई थीं। उस समय मैंने उनसे बताया था कि मैं भारत के इतिहास और संस्कृति की बड़ी प्रशंसक हूं। साथ ही उन्होंने महिलाओं के प्रगति की कामना की थी और पीएम मोदी के सामने भी इस मुद्दे को रखने के लिए कहा था।



   पीएम मोदी के उठाए जा रहे कदमों की कर चुकी हैं सराहना - इवांका ट्रंप ने 2017 में अपने दौरे के दौरान जमकर भारत को लेकर अपने विचार व्यक्त किए थे। उस समय इवांका ट्रंप ने ये उम्मीद भी जताई थी कि वो भारत को जानने के लिए जल्द ही दोबारा यहां आएंगीं। अब एक बार फिर से इवांका के भारत आने की जानकारी मिल रही है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, 24 फरवरी को ट्रंप के भारत दौरे के दौरान इवांका के साथ प्रतिनिधिमंडल में उनके वरिष्ठ सहायक और दामाद जेरेड कुशनर भी साथ होंगे।