जामिया के विडियो विवाद पर बोली BJP, 'देश की सुरक्षा को खतरे में डालना कांग्रेस की आदत'

      बीजेपी प्रवक्ता ने साफ तौर से कहा कि हिंसा करने वालों का वह कभी भी साथ नहीं दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंसा को राजनीतिक रंग दे रही है, उन्हें माफी मांगना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के पक्ष में लगातार बोलना आज कांग्रेस की नीति बन गई है।



  • जामिया के विडियो के बहाने प्रियंका ने उठाया दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

  • जवाब में बीजेपी बोली- देश के लिए कुर्बानी देने वालों पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत

  • बीजेपी बोली-राहुल ने दो दिन पहले पुलवामा में शहीद हुए जवानों के प्रति कोई संवेदना नहीं व्यक्त की

  • प्रियंका वाड्रा ने भी बिना विषय को समझे पुलिस को दोषी ठहराया है

  • (Photo - बीजेपी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा)



     जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी का विडियो सामने आने के बाद राजनीति शुरू हो चुकी है। बीजेपी ने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराया है। सोमवार को बीजेपी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा ने कहा, 'जामिया यूनिवर्सिटी के कुछ विडियो मीडिया में चल रहे हैं, उसपर हम कहते हैं कि दिल्ली पुलिस के पास वह विडियो हैं। छात्रों के हाथ में पत्थर दिखाई दे रहे हैं, क्या ये छात्र हैं या बाहर के लोग अराजकता फैलाने आए हैं। अगर ये छात्र हैं तो फिर चेहरा क्यों छिपाए हुए हैं।'



   कांग्रेस महासचि प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस विडियो को ट्वीट कर दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई की मांग की थी। इसपर बीजेपी प्रवक्ता जीवीएल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगातार अराजक तत्वों का समर्थन किया जा रहा है। उनके साथ कांग्रेस अपनी संवेदना जताती है। लेकिन पुलिस बल के जवान जो देश को सुरक्षित रखने के लिए अपनी कुर्बानी देते हैं, कांग्रेस उनके खिलाफ सवाल उठाती है। उन्होंने आगे कहा कि देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के पक्ष में लगातार बोलना आज कांग्रेस की नीति बन गई है। राहुल गांधी ने दो दिन पहले पुलवामा में शहीद हुए जवानों के प्रति कोई संवेदना नहीं व्यक्त की, लेकिन सैनिक बलों के खिलाफ सवाल उठाए। प्रियंका वाड्रा ने भी बिना विषय को समझे पुलिस को दोषी ठहराया है।


   बीजेपी प्रवक्ता ने साफ तौर से कहा कि हिंसा करने वालों का वह कभी भी साथ नहीं दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंसा को राजनीतिक रंग दे रही है, उन्हें माफी मांगना चाहिए।