डीएम के आदेश पर गायिका कनिका कपूर के खिलाफ FIR दर्ज

     कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के खिलाफ लापरवाही के आरोप में लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में शुक्रवार (20 मार्च) को मुकदमा दर्ज किया गया। लखनऊ के पुलिस आयुक्त सुजीत पांडे ने बताया कि कनिका के खिलाफ खतरनाक बीमारी फैलाने की संभावना वाली हरकत करने के मुख्य आरोप में भारतीय दंड विधान की धारा 269, 270 और 188 के तहत सरोजिनी नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि यह मुकदमा लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। कनिका के खिलाफ हजरतगंज और गोमती नगर थानों में दो और मुकदमे दर्ज हो सकते हैं।



बॉलीवुड गायिका ने शुक्रवार (20 मार्च) को बताया था कि वह कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है। इसके बाद कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उनकी मां और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा संसद भवन में उनके पास बैठे तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओब्रायन और अनुप्रिया पटेल ने खुद को पृथक कर लिया है।


   राजे और उनके पुत्र हाल में लखनऊ में एक डिनर पार्टी में शामिल हुए थे जहां कनिका भी एक अतिथि थी। ओ ब्रायन ने कहा कि वह बुधवार (18 मार्च) को संसद में दो घंटे के लिए सिंह के साथ बैठे थे। अपना दल की नेता पटेल ने कहा कि वह बृहस्पतिवार (19 मार्च) को एक कार्यक्रम में मौजूद थी जिसमें सिंह भी शामिल हुए थे। जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक प्रकाश ने अगले आदेशों तक लखनऊ में ताज महल होटल को बंद करने के आदेश दिए। सूत्रों ने बताया कि कनिका होटल में एक पार्टी में शामिल हुई थी।


पार्टी में शामिल हुई थी कनिका - कनिका के पिता राजीव कपूर के अनुसार वह 13 और 15 मार्च के बीच कुछ पार्टियों में शामिल हुई थी। इन पार्टियों में लगभग 300 लोग शामिल हुए थे। रिपोर्टों में कहा गया है कि गायिका ''बेबी डॉल" पहली बॉलीवुड सेलिब्रेटी है जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। गायिका ब्रिटेन से लखनऊ पहुंची थी और फ्लू के लक्षणों के बाद उन्हें शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।