बिहार में NDA को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा - अमित शाह

     बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल बनाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन में राज्य ‘‘जंगल राज’’ से निकलकर ‘‘जनता राज’’ में पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य विधानसभा चुनाव में गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा।



     एक वर्चुअल रैली के जरिये बिहार के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह (राजद) सत्ता में थी तो राज्य की आर्थिक संवृद्धि दर केवल 3.9 प्रतिशत थी लेकिन राजग के कार्यकाल में यह बढ़कर 11.3 प्रतिशत हो गई। उन्होंने राजद के चुनाव चिन्ह ‘लालटेन’ का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ‘लालटेन राज’ से ‘एलईडी राज’ की तरफ बढ़ा।


     अमित शाह ने कहा कि इस वर्चुअल रैली का बिहार के चुनाव प्रचार से कोई लेना-देना नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में लोगों के साथ जुड़ना है। उन्होंने कहा, ‘‘इस रैली का उद्देश्य ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से लोगों को जोड़ना है और भाजपा इस तरह की 75 सभाएं करेगी।’’ शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वे लोगों के लिए काम कर रहे हैं।