द्वारा - रवि आनंद (वरिष्ठ पत्रकार) पटना
राजद-कांग्रेस को सिर्फ सत्ता से प्यार, जनता की परवाह नहीं- गौरव भाटिया
लालटेन नहीं अब एलईडी का युग- गौरव भाटिया
बिहार की जनता ‘सुशासन’ पर मुहर लगाएगी- गौरव भाटिया
पटना. विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का दावा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद यह साफ हो चुका है कि एनडीए पुन: बिहार में सरकार बनाने जा रही है। पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए का हौसला नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। एनडीए की सरकार किसानों, महिला सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। पहले बिहार के युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था, उन्हें सम्मान नहीं मिलता था, जिसके चलते उन्हें बिहार से बाहर जाना पड़ता था। जब से नीतीश मुख्यमंत्री बनें हैं तो सुशासन तथा कानून का राज आया। जो जंगलराज बिहार ने देखा था, जो गड्ढे विपक्ष ने बनाए थे उन गड्ढों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुशासन, ईमानदारी और निष्ठा के साथ भरने का काम किया। भाजपा भी इसमें बराबर की हिस्सेदार रही है।
भाजपा के संकल्प पत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वादा नहीं बल्कि हमारा संकल्प है, जिसे हमने पहले भी पूरा किया है तथा आगे भी पूरा होगा। बिहारियों को मुफ्त कोरोना टीका देने के संकल्प पर उन्होंने कहा कि यह कदम इतना अच्छा था कि बाकी के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, पुडुचेरी ने भी इसे अपनाया है परंतु कुछ लोगों को दर्द हो रहा है। क्या ऐसे लोगों को बिहार की जनता की चिंता नहीं है ?
विपक्ष पर जोरदार प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जंगलराज को कोई भूला नहीं है। उस राज में एक शादी हुई थी जहां शोरूम से गाड़ियां लूट ली गई थी। वो जंगलराज ही था जहां पर माफिया और डॉन ने दो भाईयों को तेजाब से जला दिया था और सरकारी गवाह को भी मार दिया गया था। वो जंगलराज ही था जब फिरौती के लिए मुख्यमंत्री आवास से कॉल आते थे। जंगलराज के खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी जिसका परिणाम है कि आज सुशासन का राज है, संविधान का राज है। बिहार की जनता आज सुशासन पर मुहर लगा रही है। इसी अटूट विश्वास के साथ हम चुनाव में गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जमीनी कार्यकर्ता हैं. वो गरीबों का दर्द जानते हैं तो दूसरी तरफ TT की राजनीति हो रही है। जहां पर कांग्रेस की अध्यक्षा टेलीविजन से राजनीति कर रही हैं। वो बिहार की जनता से कब बात करने आएंगी पता ही नहीं है? दूसरी तरफ युवराज जो भ्रष्टाचार का चेहरा हैं वो ट्वीटर-ट्वीटर खेलते हैं। जनता कांग्रेस की इस राजनीति को खत्म करेगी।
राजद के पोस्टर से लालू-राबड़ी की तस्वीर हटाए जाने पर गौरव भाटिया ने जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी का चेहरा इसलिए हटाया गया है ताकि लोगों को जंगलराज की याद न आए। राजद, कांग्रेस तथा उनके गठबंधन साथियों को भी पता है कि ये चेहरा जितना दूर रहेगा उन्हें फायदा होगा लेकिन जनता की याददाश्त बहुत मजबूत होती है और वे इनके कुकर्म को नहीं भूली है। खाता न बही जो बिहार की जनता कहे वहीं सही और बिहार की जनता एनडीए के साथ खड़ी है। राजद के सबसे बड़े नेता चारा घोटाले में जेल की सलाखों के पीछे हैं। जंगलराज के युवराज पर भी आईआरसीटीसी घोटाले का आरोप है और भ्रष्टाचार के मामले में इनको सिर्फ एक ही शख्स पीछे छोड़ सकता है. वो खानदानी चोर हैं और बेल पर बाहर घूम रहे हैं। चुनाव में मोदी फैक्टर की बात होती है क्योंकि जनता को नरेंद्र मोदी पर विश्वास है. क्या किसी ने राहुल और सोनिया फैक्टर बोला है? ये फैक्टर नहीं है बल्कि जनता को लूटने वाले हैं।
नक्सलवाद को लेकर उन्होंने विपक्ष पर करार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार ने नक्सलवाद का वायरस देखा है। ये कितना खतरनाक होता है ये सब जानते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने और अमित शाह जी ने नक्सलवाद को खत्म करने का काम किया है परंतु महागठबंधन ने माले से ही गठबंधन कर लिया क्योंकि मछली जल बिना रह सकती है लेकिन राजद और कांग्रेस सत्ता के बिना नहीं रह सकते हैं। इनको जनता की कोई परवाह नहीं है बस सत्ता की फिक्र है। कांग्रेस के नेता ने छत्तीसगढ़ चुनाव में नक्सलवादियों को भटके हुए क्रांतिकारी बताया था, इसे बिहार की जनता कभी नहीं भूलेगी क्योंकि जो बिहार के लोगों को शासन नहीं दे सकता है वो सुशासन कैसे दे सकता है ?